WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

NEET छात्रा की मौत: रैपिडो ड्राइवर का बड़ा खुलासा, 350 रु लौटाने की बजाय बोली- ‘इनसे डिनर कर लेना’  

NEET छात्रा की मौत: रैपिडो ड्राइवर का बड़ा खुलासा, 350 रु लौटाने की बजाय बोली- ‘इनसे डिनर कर लेना’

खरगोन : मध्य प्रदेश के इंदौर की 20 वर्षीय नीट अभ्यर्थी निक्की यादव की संदिग्ध मौत की जांच में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब पुलिस पूछताछ में रैपिडो कैब चालक ने कई अहम जानकारियां दी हैं। चालक के मुताबिक, निक्की पूरे रास्ते खामोश रही और जब किराया चुकाया तो बची हुई रकम लौटाने के बजाय उससे कहा, “इन पैसों से आप डिनर कर लेना।”

करही थाना प्रभारी राजेंद्र इंगले ने बताया कि पुलिस ने 30 वर्षीय रैपिडो चालक गुरदीप को पूछताछ के लिए बुलाया था। उसका बयान दर्ज कर उसे फिलहाल छोड़ दिया गया है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, निक्की यादव ने इंदौर रेलवे स्टेशन के बाहर से रैपिडो बाइक बुक कर बड़वाह के पास दादा दरबार स्थित नर्मदा पुल तक जाने का सफर तय किया था। यात्रा के दौरान वह पूरी तरह शांत रही और उसने मोबाइल पर किसी से बात भी नहीं की।

चालक ने पुलिस को बताया कि रास्ते में निक्की ने अपने मोबाइल कवर से 100 रुपये निकालकर उसे पानी की बोतल लाने के लिए दिए। जब वह बोतल लेकर लौटा तो निक्की एक किताब पढ़ रही थी। इसके बाद दोनों फिर गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

गुरदीप ने बताया कि रात को करीब साढ़े 11 बजे उसने निक्की को दादा दरबार नर्मदा पुल के पास उतारा। उसने पूछा भी कि यदि किसी कॉलोनी या किसी के घर जाना हो तो वह आगे छोड़ सकता है, लेकिन निक्की ने मना कर दिया।

रैपिडो का किराया 1,650 रुपये था। निक्की ने चालक को 2,000 रुपये दिए। जब चालक ने बताया कि उसके पास छुट्टे नहीं हैं तो निक्की ने कहा, “बाकी पैसे रख लो और आप इनसे डिनर कर लेना।” इसके बाद वह अपना छोटा बैकपैक और मोबाइल लेकर वहां से चली गई।

पुलिस के अनुसार, अगले दिन निक्की का शव नर्मदा नदी में पीटामली के पास मिला, जो उस स्थान से करीब पांच किलोमीटर दूर है जहां रैपिडो चालक ने उसे छोड़ा था। हालांकि उसका बैग और मोबाइल अब तक बरामद नहीं हो सके हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के तहत रैपिडो चालक की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाली जा रही है। दूसरी ओर, निक्की के परिजनों ने अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम सहित सभी वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।