घर-घर संपर्क अभियान: MP में 5 करोड़ हितग्राहियों से संपर्क करेंगे BJP कार्यकर्ताः वीडी शर्मा

प्रधानमंत्री 23 जून को डिजिटल रैली को करेंगे सम्बोधित, 38 लाख कार्यकर्ता होंगे सम्मिलित

574

घर-घर संपर्क अभियान: MP में 5 करोड़ हितग्राहियों से संपर्क करेंगे BJP कार्यकर्ताः वीडी शर्मा

इंदौर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफलतम 9 वर्ष पूर्ण हुए हैं। बीते 9 वर्ष भारत के नव निर्माण के, भारत के गरीब कल्याण के 9 वर्ष है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की सदी है । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत बीते 9 वर्षों में एक पार्टी के “अपना परिवार, अपना विकास“ की नीति को दरकिनार कर “सबका साथ, सबका विकास“ की इबारत लिख रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के 9 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने 31 मई से 30 जून तक विशेष जनसम्पर्क अभियान शुरू किया है। इस अभियान में मध्यप्रदेश की 29 लोकसभाओं में सभाएं, 30 से अधिक प्रेस कॉन्फ्रेंस, 30 हजार से अधिक विशिष्ट परिवारों से संपर्क और सरकार की योजनाओं के लगभग 5 करोड़ लाभार्थियों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता संपर्क करेंगे। इसके साथ ही लोकसभा, विधानसभा एवं प्रदेश के 65 हजार से अधिक बूथों पर अलग- अलग कार्यक्रम होंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को इंदौर के भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों को मध्यप्रदेश में आज से शुरू हुए विशेष जनसम्पर्क अभियान की जानकारी दी।

WhatsApp Image 2023 05 31 at 14.38.24

मोदीजी ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार व तुष्टिकरण को खत्म कर विकासवाद को स्थापित किया

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की सदी है। बीते 9 सालों में भारत ने ’पॉलिसी पेरालिसिस’ से ’डिसाइसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में ’फ्रेजाइल फाइव’ से ’टॉप फाइव’ की यात्रा की है। पहले भारत की आवाज अनसुनी कर दी जाती थी। आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है। प्रधानमंत्री जी ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है। उन्होंने कहा कि पहले योजनाएं कागजों की धूल फांफती रहती थीं। आज एक ही कार्यकाल में योजनाएं बनती भी हैं और जमीन पर उतरती भी है। शिलान्यास और उद्घाटन दोनों एक ही कार्यकाल में होता है। पहले बिचौलिए लाभार्थियों का पैसा खाते थे, आज बिचौलिया संस्कृति को खत्म किया गया है। भ्रष्टाचार के दीमक को खत्म किया जा रहा है। पहले के प्रधानमंत्री कहते थे, गरीबों को एक रूपया भेजता हॅू, तो केवल 15 पैसे जनता तक पहुॅच पाते हैं। न जाने कौन सा पंजा था कि रूपये में 85 पैसे को खा जाता था। आज नरेन्द्र मोदी सरकार में 100 रूपये भेजे जाते हैं। तो 100 रूपये पहुचते हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार में तो इसमें ओर अधिक पैसा जुड़कर गरीबों तक पहुॅचता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गरीबों के 85 पैसा खाने वाले पंजे से अर्थव्यवस्था को निकालकर इसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है।

प्रधानसेवक के रूप में जनता-जनार्दन की सेवा कर रहे प्रधानमंत्री

श्री शर्मा ने कहा कि बीते 9 सालों में भारत ने गुलामी की बेड़ियॉ तोड़ी हैं। राजपथ अब कर्तव्य पथ है, रेस कोर्स रोड अब लोक कल्याण मार्ग है और प्रधानमंत्री, प्रधानसेवक के रूप में जनता-जनार्दन की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने देश के सोचने के स्केल के ऊपर उठाया है। धारा 370 धाराशायी हुआ, ट्रिपल तलाक की कुप्रथा खत्म हुई और आतंकवाद पर सर्जिकल हुआ, एयर स्ट्राइक हुआ। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गाति से चल रहा है। इंडिया गेट पूरी तरह से बदल गया है। जहां पर जार्ज पंचम की मूर्ति थी आज वहां सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा हैं। वीरों की गाथा गाता हुआ नेशनल वॉर मेमोरियल है। उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षो में लगभग 48 करोड़ लोगों के जन-धन एकाउंट खोले, उज्जवला योजना के तहत साढ़े 9 करोड़ गैसे कनेक्शन वितरित किये गये, लगभग साढ़े तीन करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई गई, 11 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया, 10 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है और लगभग साढ़े 12 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया है। पीएम आवास योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक गरीबों का घर दिए गए और हर घर में बिजली, पानी, गैस, शौचालय और आयुष्मान कार्ड पहॅॅुचाया गया। देश में लगभग 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है।

मोदी जी के नेतृत्व में भारत 9 वर्षों में गरीबों एवं वंचितों की सेवा करने वाला देश बना

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा की बीते 9 वर्षों में गरीबों एवं वंचितों की सेवा करने वाला भारत बना है, नारी शक्ति को संबल देने वाला भारत बना है, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला भारत बना है, किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला भारत बना है, सबके लिए सहज, उत्तम सेवाओं वाला भारत बना है तथा विश्व में निरंतर विकास करने वाला भारत बना है। आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। आज भारत के विकास में गति भी है, शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सपनों का भारत है, मिशन इंडिया के तहत आगे बढ़ता हुआ भारत है।

श्री शर्मा ने बताया कि श्री नरेंद्र मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण योजनाओं को केंद्र में रखते हुए एक महासंपर्क अभियान कार्यक्रम शुरू किया है। यह महासंपर्क कार्यक्रम 31 मई से 30 जून तक, लगभग एक महीने चलेगा। 31 मई 2023 को राजस्थान के अजमेर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एक महारैली करके इस महासंपर्क अभियान का शुभारंभ करेंगे। अगले एक महीने में देश भर में इस तरह की 51 महारैली आयोजित की जायेगी। 31 मई से 30 जून तक, 30 दिनों के इस महा जनसंपर्क के अंतर्गत पूरे देश भर में 500 से अधिक सभाएं और 600 से अधिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किये जाएंगे। इस दौरान 500 से अधिक लोकसभा और 4000 से अधिक विधानसभाओं में 5 लाख से अधिक विशिष्ट परिवारों और हर लोकसभा में 1000 विशिष्ट परिवारों से संपर्क साधा जाएगा। लाभार्थी संपर्क और विभिन्न वर्गों से संपर्क एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क जैसे विभिन्न कार्यक्रम लोकसभा, विधानसभा एवं बूथ स्तर पर आयोजित किये जाएंगे। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा ने 543 लोकसभाओं को 144 कलस्टरों में बांटा है। हर क्लस्टर में तीन से चार लोकसभाओं को शामिल किया गया है। हर क्लस्टर में भारतीय जनता पार्टी के बडे नेता 8 दिन गुजारेंगे। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की दो टोलियां बनाई गई हैं। केंद्रीय मंत्रियों एवं पार्टी पदाधिकारियों जैसे 288 बड़े नेता इस टोली में रहेंगे। ये 288 नेता प्रत्येक लोकसभा में एक हजार मुख्य परिवारों से मिलेंगे, उन्हें श्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों की बुकलेट देंगे और उनसे समर्थन भी मांगेंगे। मध्यप्रदेश में 8 क्लस्टर बनाए गए हैं, जिसमें 16 केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी नेता भाग लेंगे।

प्रदेश में हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की टोली 20 से 30 जून तक घर-घर जायेगी

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने प्रदेश में विशेष जनसम्पर्क अभियान के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा का हर मोर्चा अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेगा। व्यापारियों से संवाद, सोशल मीडिया कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सरकार ने हर लोकसभा में बड़े-बड़े काम किए हैं। हम उसे नव भारत के विकास तीर्थ के रूप में मानते हैं। हमारे कार्यकर्ता एवं नेता उस विकास तीर्थ पर जाएंगे। कहीं एम्स बना है, कहीं अन्य हॉस्पिटल बने हैं, यूनिवर्सिटीज बनी हैं, टनल बनी हैं, वंदे भारत ट्रेन चली हैं। कुल 29 लोकसभा में जनसभा होंगी। हर शक्ति केंद्र पर लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम होगा। श्री नरेंद्र मोदी सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों की प्रदर्शनी सभी 230 विधानसभा में लगाई जायेगी। हर बूथ पर भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली 20 जून से लेकर 30 जून तक घर-घर जायेगी। उन्होंने बताया कि 23 जून को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी की पुण्यतिथि के दिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी डिजिटल रैली के माध्यम से देश भर में 10 लाख बूथों पर समर्थकों, समाज में काम करने वाले लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद एवं संपर्क करेंगे। मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता, केंद्रीय मंत्री, 300 से अधिक सांसद एवं प्रदेश में विधायक, सांसद जोरशोर से इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के 65 हजार से अधिक बूथों पर सीधा संपर्क साधा जाएगा और भारत के 10 करोड़ लोगों, को इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इस महाजनसंपर्क हेतु, संसद से लेकर सरपंच तक, प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक, सभी लोग बढ़ चढ़कर भाग लेंगे व 16 लाख से अधिक कार्यकर्ता प्रशिक्षित होंगे।

1078 मंडलों में युवा मोर्चा करेगा नवमतदाता सम्मेलन

श्री शर्मा ने बताया कि सभी 29 लोकसभाओं में बुद्धिजीवी व्यक्तियों के साथ सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 जून (आपातकाल दिवस) को भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस ने लोकतंत्र को कैसे नष्ट किया था, इस पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। सोशल मीडिया के प्रमुख इंफ्लुएंसर्स के साथ संवाद किया जाएगा। लोकसभा के व्यापारिक केंद्रों पर व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किये जाएंगे। घर-घर जनसंपर्क में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी सहित सभी नेता,पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे। घर-घर संपर्क के दौरान, सभी नेता घर-घर जाकर लोगों को भाजपा के 9 वर्षों की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। 10 लाख से अधिक बूथों पर युवा मोर्चा के सदस्य मुद्रा लोन, स्टार्टअप इंडिया आदि के कम से कम 5 करोड लाभार्थियों से मिलेंगे एवं उनसे भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर चर्चा करेंगे। प्रदेश की 230 विधानसभाओं में 8 दिन की जिला स्तरीय टू व्हीलर युवा यात्रा के दौरान शहर के मुख्य स्थलों, गांव मोहल्ले में नुक्कड़ सभाओं, खेल प्रतियोगिताओं, युवा अचीवर्स का सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रदेश के 1078 मंडलों में 18 से 25 वर्ष की आयु के मतदाताओं के साथ सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर एक ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा। किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा भी अलग-अलग कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा में सातों मोर्चा द्वारा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। श्री शर्मा ने बताया कि विधानसभा स्तर पर केंद्र सरकार के विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा और 21 जून को योग दिवस के दिन हर कार्यक्रम स्थल पर केंद्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। पार्टी ने 9 वर्ष की उपलब्धियों को लेकर एक वेबसाइट 9yearsofseva.bjp.org भी लांच की है। भाजपा ने जनसंपर्क एवं जनता के समर्थन के लिए एक मिस्ड कॉल नंबर 90909 02024 लांच किया है। सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण का मंत्र जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की विकास यात्रा के यही समय है, सही समय है और रुके नहीं आगे बढ़े के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।