MP में डॉ मोहन यादव और वीडी शर्मा की टीम इतिहास रचने की ओर, भाजपा ने किया क्लीन स्वीप

469

MP में डॉ मोहन यादव और वीडी शर्मा की टीम इतिहास रचने की ओर, भाजपा ने किया क्लीन स्वीप

भोपाल:मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा इतिहास रचने की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रदेश में लोकसभा चुनाव के खबर लिखे जाने तक सामने आए रूझानों में भाजपा सभी 29 सीटों पर आगे चल रही है। प्रदेश में जो रुझान हैं यदि वे परिणामों में भी ऐसे ही रहे तो मध्य प्रदेश में पहली बार ऐसा होगा जब कांग्रेस लोकसभा की एक भी सीट पर जीत नहीं दर्ज कर पाएगी।

नकुल, दिग्विजय, भूरिया हार की ओर

कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से पहले ही राउंड से पीछे चल रहे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी राजगढ़ लोकसभा से लगातार पीछे चल रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रहे कांतिलाल भूरिया भी झाबुआ लोकसभा क्षेत्र से पीछे चल रहे हैं। कांग्रेस के इन तीनों दिग्गज नेता जहां पीछे चल रहे हैं, वहीं विदिशा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जीत के लिए निर्णायक बढ़त ले चुके हैं।

 

वीडी, शिवराज, शंकर रचने जा रहे इतिहास

विदिशा सीट पर उनकी यह इतिहास रचने वाली जीत हो सकती है। विदिशा लोकसभा क्षेत्र में उनकी अब तक की इस क्षेत्र से सबसे बढ़ी जीत होगी। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी खजुराहो सीट पर जीत का नया इतिहास लिखने जा रहे हैं। इस सीट से भी वे अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करने की और तेजी से बढ़ रहे हैं। इंदौर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी भी इतिहास रचने जा रहे हैं, उनकी भी यहां पर ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। इंदौर लोकसभा सीट के इतिहास में उनकी भी अब तक की सबसे बड़ी जीत होने वाली है। हालांकि यहां पर नोटा भी रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मध्य प्रदेश में एक लोकसभा क्षेत्र में नोटा को कभी इतने वोट नहीं मिले, जितने इस बार इंदौर के लोगों ने नोटा का बटन दबाया है।

 

*मतगणना परिणामों से उत्साहित सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को निवास पर पहुंचकर दी बधाई*

 

मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनावों के लिए हो रही मतगणना के बीच परिणामों के रुझान से उत्साहित सभी मंत्री आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निवास पर पहुंचे और उन्हें बधाईयां दी।

चुनाव परिणामों के बीच मुख्यमंत्री और डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के जन्मदिवस पर भी उन्हें मंत्रियों और मुख्यमंत्री ने बधाई दी। सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को प्रदेश के मतगणना रुझानों में सभी स्थानों पर भाजपा के आगे चलने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने भी सभी को बधाई दी और मिठाई खिलाकर सबका स्वागत किया।