Employee’s Strike: कर्मचारियों की हड़ताल से आम जनता परेशान: पटवारियों की मांगें अब तक नहीं मानी, RTO कर्मचारियों ने भी खोला मोर्चा

195
Guest Teachers

Employee’s Strike: कर्मचारियों की हड़ताल से आम जनता परेशान: पटवारियों की मांगें अब तक नहीं मानी, RTO कर्मचारियों ने भी खोला मोर्चा

भोपाल:राजधानी में महत्वपूर्ण माने जाने वाले दो विभाग राजस्व और परिवहन विभाग के कर्मचारियों की शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी अब आम जनता पर भारी पड़ रही है। एक ओर जहां पटवारियों की हड़ताल को एक महीने होने वाला है, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई विचार नहीं हुआ। वहीं, अब परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर शासन के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। लगातार छह दिनों से जिले में परिवहन संबंधी सारे कामकाज बंद हैं। पटवारियों और आरटीओ कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आम जनता बहुत परेशान हो रहे हैं। जिले में दोनों विभागों में करीब 10-10 हजार प्रकरण पेडिंग हो गए हैं।

 

23 अगस्त से सामूहिक अवकाश, फिर सामूहिक हड़ताल पर पटवारी

भोपाल जिले के करीब 200 पटवारियों द्वारा करीब एक महीने यानी 23 अगस्त से कामकाज बंद किया गया है। मप्र पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि हम अपनी मांगों को लेकर कई साल से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन के पास हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में 23 अगस्त से पहले हमने सामूहिक अवकाश लिया था, फिर सभी पटवारी सामूहिक हड़ताल पर चले गए थे। इस मामले में बीते दिनों राजस्व मंत्री गोविंद सिंह ने कहा था कि पटवारी अपना आंदोलन बंद करें, फिर उनसे बात की जाएगी। इसके बाद से पटवारियों में और आक्रोश व्याप्त है और प्रदेश के करीब 19 हजार पटवारी लगातार हड़ताल पर हैं।

 

छह दिन से कामकाज बंद, दो दिन आगे भी यही स्थिति

वहीं, भोपाल आरटीओ में भी करीब छह दिन से कार्यालय का ताला नहीं खोला गया। यहां पर शासकीय अवकाश के बाद कर्मचारियों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के कारण परिवहन संबंधी समस्त काम प्रभावित हो रहे हैं। मप्र तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ परिवहन विभाग के प्रदेशाध्यक्ष श्याम यादव के अनुसार सरकार द्वारा मांगों पर विचार नहीं किए जाने तक सामूहिक हड़ताल जारी रहेगी। वर्तमान में दो दिन यानी आज और कल पूरी तरह से भोपाल आरटीओ सहित प्रदेश के सभी आरटीओ कार्यालय में ताला लगा है। यहां पर किसी तरह के काम नहीं किए जा रहे हैं।