EOW Trap : कर्मचारी भविष्य निधि के क्षेत्रीय आयुक्त को 5 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा

2106

Sagar : जबलपुर और सागर EOW (इकॉनॉमिक अफेंस विंग) ने कर्मचारी भविष्य निधि सागर के क्षेत्रीय आयुक्त सतीश कुमार को 5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। इन्होंने अनिरूद्ध पिम्पलापुरे, फर्म बीआर एंड कंपनी, निवासी 1 सिविल लाईन्स, सागर से 10 लाख रूपए की रिश्वत माँगी थी। इसकी पहली किस्त के 5 लाख रूपए लेते हुए रंगे हाथों EOW की टीम ने धर दबोचा।

आवेदक अनिरूद्ध पिम्पलापुरे, (फर्म बीआर एंड कंपनी) द्वारा 3 जून को पुलिस अधीक्षक, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, इकाई-सागर को आवेदन दिया था। इसमें कहा गया था कि सतीश कुमार, रीजनल कमिश्नर, कर्मचारी भविष्य निधि (सागर संभाग) सागर द्वारा फर्म के विरूद्ध कार्यवाही करने का दबाव बनाकर 10 लाख रूपए रिश्वत की मांग की गई। आवेदक की शिकायत का सत्यापन निरीक्षक उमा नवल आर्य से कराया गया।

जिसके दौरान विधिवत आवेदक एवं अनावेदक के बीच रिश्वत की मांग संबंधी बातचीत रिकार्ड कराई गई, जिसमें स्पष्टतः अनावेदक द्वारा आवेदक की फर्म के संबंध में रिपोर्ट को सही ढंग से बनाए जाने के लिए 10 लाख की मांग करने तथा प्रथम किस्त में 5 लाख रूपए 5.04.2022 को देने की बात को प्रमाणित पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोपी के ऊपर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, संशोंधित अधिनियम 2018 का अपराध पाया जाने से प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आज दिनांक 5.06.2022 को आरोपी सतीश कुमार, रीजनल कमिश्नर कर्मचारी भविष्य निधि (सागर संभाग) को उनके निवास स्थान पर आवेदक अनिरूद्ध पिंपलापुरे द्वारा रिश्वत की राशि की प्रथम किस्त 5 लाख रूपए लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

​​​इस कार्यवाही में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, इकाई सागर एवं जबलपुर द्वारा की गई। जिसमें विवेचक उमा नवल आर्य, निरीक्षक, प्रकोष्ठ इकाई सागर (प्रभारी), स्वर्णजीत सिंह धामी, निरीक्षक, प्रकोष्ठ इकाई जबलपुर, प्रेरणा पाण्डेय, निरीक्षक, प्रकोष्ठ इकाई जबलपुर, चन्द्रजीत यादव, उप निरीक्षक, प्रकोष्ठ इकाई सागर, गोविन्द यादव, उप निरीक्षक, प्रकोष्ठ इकाई जबलपुर, सोनल पाण्डेय, उप निरीक्षक, प्रकोष्ठ इकाई सागर, विशाखा तिवारी, उप निरीक्षक, प्रकोष्ठ इकाई जबलपुर, कु रोशनी सोनी, सूबेदार /स्टेनो, प्रकोष्ठ इकाई सागर, आसिफ खान ने भाग लिया।