
Excellence Service Award : महामहिम राज्यपाल ने किया रेडक्रॉस एवं जूनियर रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों का अभिनन्दन!
Bhopal/Ratlam : विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा “उत्कृष्ट सेवा सम्मान” समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन, समाजसेवा, जनजागरूकता एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों का सम्मान किया गया।

समारोह में महामहिम राज्यपाल माननीय श्री मंगूभाई पटेल ने अपने कर-कमलों से प्रतिभागियों का अभिनन्दन कर उन्हें सम्मानित किया। जूनियर रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग में युवाओं को सेवा भावना, सामाजिक जागरूकता तथा विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित करने के लिए जिला जूनियर रेडक्रॉस के जिला संगठक एवं प्राचार्य उत्कृष्ट श्री सुभाष कुमावत, काउन्सलर श्री अनिल शर्मा, काउन्सलर श्रीमती माया मौर्या तथा कार्यालयीन सहायक श्री राजेंद्र पाण्डे का सम्मान किया गया।
साथ ही रतलाम जिला रेडक्रॉस से हेमंत मूणत को नेत्रदान जागरूकता, समाजसेवा एवं मानवीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में जय तलेरा, यश मूणत एवं यश मित्तल का भी विशेष अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल महोदय ने कहा कि विद्यार्थियों एवं युवाओं में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन, सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी सम्मानित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग की सहायता हेतु दृढ़ संकल्पित रहने का संदेश दिया। रतलाम रेडक्रॉस एवं जूनियर रेडक्रॉस सोसायटी निरंतर समाजहित, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, नेत्रदान, मानवीय सहायता एवं जनकल्याण के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

संस्था के चेयरमैन प्रीतेश गादिया, वाइस चेयरमैन सुशील मूणत, कोषाध्यक्ष संजय लूनिया एवं संचालक मंडल सदस्य शरद जोशी, सुलोचना शर्मा, अशोक जैन, राजेश रांका, सुनील पारीख एवं दिनेश बरमेचा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सम्मानित सदस्यों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करते हैं।समारोह में समाजसेवा, मानवीय मूल्यों एवं जनकल्याण के प्रति समर्पित कार्यों की सराहना की गई तथा युवाओं को सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक जागरूकता के लिए प्रेरित किया गया, कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष रावल विशेष रूप से मौजूद थे!





