Explanation of Rajvardhan : राजवर्धन ने सफाई दी ‘उस महिला के कांग्रेसियों से संबंध!’ 

कांग्रेस उस महिला के चरित्र के साथ खिलवाड़ कर रही!

2436

Explanation of Rajvardhan : राजवर्धन ने सफाई दी ‘उस महिला के कांग्रेसियों से संबंध!’ 

Bhopal : प्रदेश के मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव इन दिनों मुश्किल में हैं। उनके ही चुनाव क्षेत्र में एक महिला ने उनका चरित्र हनन करने की कोशिश की है। वायरल हुए वीडियो को लेकर जमकर बवाल भी हुआ और कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाकर सरकार से सवाल किए हैं। राजवर्धन सिंह ने इस मसले में एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए हुए अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इस महिला के कई राजनीतिकों से भी संबंध हैं।

दत्तीगांव ने कहा कि महिला ने एक कांग्रेस नेता को फोन किया था और उनसे प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने का आग्रह किया था। फिर भी, पार्टी ने उसकी बात नहीं मानी और उनके चरित्र पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस एक महिला के चरित्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि इस महिला के चरित्र पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपनी ही पार्टी की एक महिला पदाधिकारी को न्याय दिलाना चाहिए, जिसने एक नेता के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। दत्तीगांव ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भले ही लंबी-चौड़ी बातें की हों, लेकिन उन्होंने महिला पदाधिकारी के मुद्दे पर चुप्पी साध ली।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वडोदरा में इस मुद्दे पर उनसे फीडबैक लिया और उन्होंने मुख्यमंत्री को सारे तथ्य बता दिए हैं। दत्तीगांव ने कहा कि मैंने सीएम को बताया कि कुछ लोग मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। महिला के जारी वीडियो क्लिप के आधार पर ही कांग्रेस उन पर आरोप लगा रही है।

दत्तीगांव के मुताबिक, वे उस महिला से तब मिले थे जब वो एक मीडिया हाउस में काम कर रही थी और वो कई नेताओं और विधायकों से संपर्क के लिए जानी जाती है। इसके अलावा महिला कांग्रेस के कई नेताओं से भी परिचित हैं। उन्होंने आगे कहा कि वे आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में विश्वास नहीं करते और उनके निर्वाचन क्षेत्र बदनावर के लोग उनके चरित्र के बारे में जानते हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र से वे 6 बार चुनाव लड़ चुके हैं। जहां तक ​​एक वीडियो क्लिप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति के बेटे की मौजूदगी की बात है, तो प्रजापति से उनके संबंध काफी अच्छे हैं, इसलिए वे इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोलेंगे।

दत्तीगांव ने कहा कि अगर उनकी कोई गलती है, तो कांग्रेस को अदालत में जाना चाहिए और वे अदालत के फैसले को स्वीकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगले साल चुनाव होने जा रहे हैं, इसलिए विपक्ष ने एक मंत्री, राजनेता की चरित्र हत्या करने की कोशिश की है।