बड़वाह में गेहूं खरीदी की सुस्त रफ्तार पर किसानों का फूटा गुस्सा, इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर चक्काजाम

188

बड़वाह में गेहूं खरीदी की सुस्त रफ्तार पर किसानों का फूटा गुस्सा, इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर चक्काजाम

 

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह के नर्मदा रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के काटकूट खरीदी केंद्र पर गेहूं खरीदी की धीमी रफ्तार से नाराज किसानों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच पिछले तीन-चार दिनों से अपनी उपज बेचने का इंतजार कर रहे किसानों ने दोपहर इंदौर–इच्छापुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

किसानों का आरोप है कि पहले खरीदी केंद्र काटकूट फाटे पर संचालित हो रहा था, जिसे चार दिन पहले ही एनकाप्स में स्थानांतरित किया गया है। यहां केवल एक तौल कांटा होने के कारण तुलाई बेहद धीमी गति से हो रही थी। भारतीय किसान संघ के नाजिम खान के नेतृत्व में किसानों ने विरोध जताते हुए बताया कि कई किसान तीन-चार दिनों से केंद्र पर डटे हुए हैं, लेकिन स्लॉट बुक होने के बावजूद तय तारीख पर उनका नंबर नहीं आ रहा।

किसानों के विरोध के बाद प्रशासन ने एक अतिरिक्त तौल कांटा बढ़ाया, लेकिन वह भी व्यवस्था सुधारने के लिए पर्याप्त नहीं रहा। आक्रोशित किसानों ने खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अमिताभ शुक्ला और केंद्र प्रबंधक इंद्रजीत भाटिया के खिलाफ नाराजगी जताई और तौल कांटों की संख्या बढ़ाने की मांग की। काफी देर तक समाधान नहीं मिलने पर किसानों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।

सूचना मिलते ही एसडीएम सत्यनारायण दर्रो, तहसीलदार शिवराम कनासे और प्रभारी टीआई मोहर सिंह बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान तौल कांटों की संख्या बढ़ाने की मांग पर अड़े रहे।

आखिरकार प्रशासन द्वारा अतिरिक्त तौल कांटों की व्यवस्था करने, खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने और किसान संघ पदाधिकारियों की समझाइश के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात फिर से सुचारू हो सका।

एसडीएम सत्यनारायण दर्रो ने बताया कि फिलहाल दो कांटों से तुलाई हो रही है, जिसे बढ़ाकर चार करने की तैयारी है। उन्होंने माना कि हम्मालों की कमी के कारण भी दिक्कत आ रही है। साथ ही केंद्र पर प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अब खरीदी शाम 6 बजे के बजाय रात 8:30 बजे तक जारी रखी जा सके।

प्रबंधक इंद्रजीत भाटिया के अनुसार, काटकूट क्षेत्र में अब तक 1,000 स्लॉट बुक हो चुके हैं। वर्तमान में केंद्र पर लगभग 50 वाहन मौजूद हैं और अब तक करीब 3,500 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही व्यवस्थाएं सुचारू कर दी जाएंगी।