Fine on Expressway : इस एक्सप्रेस-वे पर दोपहिया चलाया तो फाइन 20 हज़ार रूपए! 

इस मार्ग पर सिर्फ चार पहिया को अनुमति, दोपहिया वाहन चलाना प्रतिबंधित!

491

Ghaziabad : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर दोपहिया वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं! इस मार्ग पर दोपहिया चलाने वालों के चालान कटना शुरू हो गए। गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर दोपहिया वाहनों के चालान काटने की कार्रवाई शुरू कर दी। नियम के उल्लंघन पर दो हज़ार रुपए का चालान काटा जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस ने पहले लोगों को मीडिया के माध्यम से जागरूक किया था कि वे मेरठ एक्सप्रेसवे पर मोटर साइकिल लेकर न  जाएं। कोहरे के कारण हाईवे पर दुर्घटना का भय है। पुलिस ने पहले से लोगों को जागरूक किया, लेकिन अब चालान काटना शुरू कर दिया। क्योंकि, लोग अब भी मेरठ एक्सप्रेस-वे पर बाइक लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने पिछले 15 दिन के अंदर 2500 से ज्यादा दोपहिया वाहनों के चालान किए, आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

इस हाईवे के 8 एग्जिट पॉइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद है, जो एग्जिट पॉइंट से बाहर निकलते ही दोपहिया वाहनों के चालान काट रहे हैं। इस एक्सप्रेस-वे पर केवल चौपहिया वाहनों को ही संचालन की इजाजत है। क्योंकि यह एक्सप्रेस-वे है और तेज रफ्तार में गाड़ियां चलती हैं। ऐसे में दोपहिया वाहनों के हादसे का शिकार होने का खतरा अधिक रहता है।

क्या कहना है पुलिस का

डीसीपी ट्रैफिक आरएन कुशवाहा, ने बताया कि  ट्रैफिक पुलिस आरडब्लूए की मदद से हाईवे पर बने कॉलेजों और सोसाइटीज में भी लोगों को जागरूक कर रही है। अपील की जा रही है कि जानकारी मिलने पर लोग अपने रिश्तेदारों से भी कहें कि वह मेरठ एक्सप्रेस हाईवे पर दोपहिया वाहन लेकर न चलाएं। डीसीपी ने बताया कि 20 हजार रुपए चालान काटा जा रहा है। अब 2500 से अधिक चालान काटे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाने के लिए पुलिस यह कदम उठा रही है।