
राम मंदिर ट्रस्ट के CEO के लिए पूर्व IAS अवनीश अवस्थी का नाम
नई दिल्ली: भारतीय प्रशासनिक सेवा में 1987 बैच के पूर्व IAS अधिकारी अवनीश अवस्थी का नाम राम मंदिर ट्रस्ट के CEO के लिए लगभग फाइनल बताया जा रहा है। अवनीश कुमार अवस्थी को 2022 में अपर मुख्य सचिव पद से रिटायरमेंट के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया था। वे अभी भी इस पद पर कार्यरत हैं।
बता दें कि अवनीश अवस्थी RSS और संघ के बेहद करीबी माने जाते हैं। उनका लम्बा प्रशासनिक अनुभव भी है। उनकी पत्नी मालिनी अवस्थी कला और संस्कृति के क्षेत्र में बड़ा नाम रखती हैं और भाजपा की राजनीति में भी उनका सीधा हस्तक्षेप है।
सूत्रों की माने तो बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को यह लग रहा है कि अवनीश अवस्थी को बतौर CEO पदस्थ करने से केंद्र और राज्य के बीच एक मजबूत सेतु तो बनेगा ही, साथ ही भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे राम मंदिर ट्रस्ट का प्रबंधन बेहतर हो सकेगा। अगर अंतिम समय में कुछ फेरबदल न हुआ तो दिल्ली के बेहद करीबी अवनीश अवस्थी राम मंदिर ट्रस्ट के अगले CEO होंगे।





