
पूर्व IPS शैलेश सिंह और उनके बेटे IPL खिलाड़ी शशांक सिंह पर FIR
भोपाल : IPL में पंजाब किंग्स की टीम से खेलने वाले क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके रिटायर्ड IPS पिता शैलेश सिंह पर भोपाल में FIR दर्ज हुई है. आरोप है कि उन्होंने घर में काम करने वाले कुक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जबरन काम करवाया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.यह मामला भोपाल के रातीबड़ थाने का है, जहां पीड़ित कुक विपेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शशांक सिंह, उनके पिता शैलेश सिंह और उनके ड्राइवर मिश्रा ने उसके साथ मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया.
पुलिस के अनुसार, फरियादी ने आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी शैलेश सिंह ने उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। शिकायत के आधार पर रातीबड़ थाना पुलिस ने आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह, उनके पिता शैलेश सिंह सहित तीन लोगों के खिलाफ मारपीट एवं अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विपेंद्र सिंह का कहना है कि उसे रीवा से भोपाल बुलाया गया था. एक परिचित के जरिए उसे बताया गया कि शैलेश सिंह के घर पर खाना बनाने का काम मिलेगा और आगे चलकर सरकारी नौकरी लगवाने में मदद की जाएगी. उसे 15 हजार रुपये महीने की सैलरी के साथ रहने और खाने की सुविधा देने का वादा किया था.विपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसका मोबाइल छीन लिया गया और उसे जबरन काम करने के लिए कहा. डर के कारण वह खुद को कमरे में बंद कर लिया, लेकिन इसके बावजूद आरोप है कि शैलेश सिंह, शशांक सिंह और ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट की. पीड़ित के शरीर और चेहरे पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं.





