Ganv Chalo Abhiyan : विधानसभा सत्र के बाद भाजपा का ‘गांव चलो अभियान’ गति पकड़ेगा, लक्ष्य 58% तक वोट बढ़ाना!

मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक गांव में रात्रि विश्राम करेंगे!

325

Ganv Chalo Abhiyan : विधानसभा सत्र के बाद भाजपा का ‘गांव चलो अभियान’ गति पकड़ेगा, लक्ष्य 58% तक वोट बढ़ाना!

 

Bhopal : ‘गांव चलो अभियान’ के तहत विधानसभा सत्र के बाद सरकार गांव-गांव पहुंचेगी। मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक एक रात गांव में बिताएंगे आउट केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। वे पार्टी का जनाधार मजबूत करने और वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं से संपर्क करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेंगे। इस अभियान के तहत भाजपा का लक्ष्य अपना वोट प्रतिशत 58 तक बढ़ाना है।

भाजपा ने 9 फरवरी से गांव चलो अभियान शुरू किया है। लेकिन, सांसद और विधायक विधानसभा और लोकसभा सत्र में व्यस्त होने के कारण शामिल नहीं हो पाए थे। मुख्यमंत्री छिंदवाड़ा जिले के हर्रई विकासखंड अंतर्गत आने वाले गांव जाने वाले थे, लेकिन हरदा हादसे के कारण कार्यक्रम स्थगित हो गया। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को घरातल पर गांव चलो अभियान के माध्यम से उतारकर 58% वोट हासिल करने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।

भाजपा का मानना है कि लोकसभा चुनाव में जब कार्यकर्ता लोगों को अपनी बात कहेंगे तो लोगों का उस पर विश्वास ज्यादा होगा, क्योंकि चाहे केंद्र की योजनाएं हो या फिर राज्य की सभी का लाभ हितग्राहियों को मिल रहा है और वो अब पार्टी के कार्यकर्ता को सम्मान की नजर से देखते हैं। पार्टी का प्रयास है कि अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक प्रधानमंत्री मोदी की योजना का लाभ पहुंचे।

 

गांव-गांव पहुंचाएंगे योजनाएं

भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचेंगे और ग्रामीणों से मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के संबंध में चर्चा करेंगे। साथ ही लाभान्वित लोगों से भेंट कर उनके अनुभव सुनेंगे। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ता व संगठन पदाधिकारियों के साथ बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों का कार्य निर्धारित करना, मतदाता सूची का निरीक्षण करना, व्हाट्सएप ग्रुप बनाना, संगठन ऐप डाउनलोड कराना, विकसित भारत एम्बेसडर बनाना, विगत चुनावों की समीक्षा भी करेंगे। जनप्रतिनिधियों, विचार परिवार कार्यकर्ताओं, पार्टी से जुड़े नवीन कार्यकर्ताओं से संपर्क करना। युवा, महिला, व्यावसायिक, लाभार्थी, सामाजिक और धार्मिक मतदाताओं से संपर्क किया जाएगा। धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे और स्वच्छता अभियान में शामिल भी होंगे।

 

ये नेता गांव में बिता चुके रात

भाजपा के ‘गांव चलो अभियान’ के तहत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 9 फरवरी को अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी के ग्राम लाडकुई में 24 घंटे बिता चुके हैं। इस दौरान शिवराज ने ग्रामीणों को मोदी सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक भी किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राधौगढ़ के आवन गांव मे घर-घर संपर्क किया था। उन्होंने गांव के छोटे दुकानदारों, ठेला, रेहड़ी वालों से चर्चा कर सरकारी योजना के लाभ की जानकारी भी ली थी। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कचनारा में रात्रि विश्राम किया इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीण जनों से चर्चा की तथा भोजन किया।