आशीर्वाद मिल गया, अब लेंगे संकल्प विजय का…

आशीर्वाद मिल गया, अब लेंगे संकल्प विजय का…

भाजपा में ‘त्रिदेव फार्मूला’ पर अमल हो रहा है। उत्तर प्रदेश में पार्टी का यह फार्मूला हिट रहा है। अब मध्यप्रदेश में भी पार्टी इसी फार्मूला पर पूरी तैयारी से अमल कर रही है। यह त्रिदेव बूथ लेवल पर हैं बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री और बीएलए यानि बूथ लेवल एजेंट। तो पार्टी में राज्य स्तर पर भी ‘त्रिदेव फार्मूला’ नजर आ रहा है। यह ‘त्रिदेव’ हैं चुनाव संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान। नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा अन्य दो नाम तो ‘त्रिदेव’ के नामों से तालमेल रखते हैं। प्रदेश में पार्टी की जीत प्रदेश का दारोमदार अब इन्हीं राज्य स्तरीय और बूथ स्तरीय ‘त्रिदेवों’ के कंधों पर है। और राज्य स्तरीय ‘त्रिदेवों’ ने जनआशीर्वाद यात्रा पर संतुष्टि जताई है कि आशीर्वाद अपेक्षा से भी ज्यादा मिल गया है। बस अब विजय का संकल्प लेकर मैदान में कूदने की तैयारी है। इन यात्राओं का समापन पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 सितंबर को भोपाल के जंबूरी मैदान में होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में पार्टी कार्यकर्ता विजय का संकल्प लेंगे। इन कार्यकर्ताओं में बूथ स्तरीय त्रिदेव भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का मानना है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से आजादी के अमृतकाल में देश की आधी आबादी को पूरा न्याय मिला है। महिला सशक्तीकरण भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता रही है और मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जिसने निकाय चुनावों में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया। गिरते सेक्स रेश्यो को संभालने के लिए लाडली लक्ष्मी योजना शुरू की। पुलिस की भर्ती में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दे रहे हैं, जिसे 35 प्रतिशत तक ले जाएंगे। महिलाओं के लिए स्टाम्प शुल्क में कटौती की है। लाडली बहना योजना में हम 1.32 करोड़ बहनों को 1250 रुपये प्रतिमाह दे रहे हैं, जिसे 3000 रुपये तक ले जाएंगे। और मुद्दे की बात यह कही शिवराज ने कि भाजपा की सरकार ने जनता की जो सेवा की है, उसके कारण उसे जन आशीर्वाद यात्राओं में जनता का भरपूर समर्थन मिला है। तो चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर का मानना है कि जन आशीर्वाद यात्रा का जनता का जो अपार स्नेह और मिला है। 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिन है, जो भारतीय जनता पार्टी के चिंतन के प्रेरणास्रोत हैं। इस दिन भारतीय जनता पार्टी द्वारा जंबूरी मैदान में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पूरे प्रदेश के लाखों कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस महाकुंभ में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी की उपस्थिति में विजय का संकल्प लेंगे। यह महाकुंभ पार्टी की चुनाव तक की यात्रा और विजय को सुनिश्चित करेगा तथा पार्टी के विजय अभियान में मील का पत्थर साबित होगा।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का मानना है कि पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश में चुनावी अभियान के अंतर्गत पांच जन आशीर्वाद यात्राओं का आयोजन किया गया। इस बार 21 दिनों में पांच जन आशीर्वाद यात्राएं 223 विधानसभाओं तक पहुंची हैं। इन यात्राओं को 10600 किलोमीटर की दूरी तय करना था, लेकिन जनसमर्थन से उत्साहित होकर इन यात्राओं ने 10880 किलोमीटर की दूरी तय की। इन पांचों जन आशीर्वाद यात्राओं में पार्टी को जनता का जो भरपूर आशीर्वाद प्राप्त हुआ है, उसके माध्यम से जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकारों द्वारा किए जा रहे गरीब कल्याण के कार्यों पर मोहर लगा दी है। गरीब कल्याण के इन्हीं प्रयासों का रिपोर्ट कॉर्ड लेकर पार्टी  कार्यकर्ता 65523 बूथों और लगभग 11 हजार शक्ति केंद्रों तक पहुंचे थे और इन्हीं को लेकर हम यात्राओं के माध्यम से जनता के बीच गए थे, जिसे जनता का भरपूर समर्थन मिला है।
तो अब विजय का संकल्प लेकर बूथ स्तरीय 1 लाख 96 हजार 569 ‘त्रिदेव’ पर विजय दिलाने की जिम्मेदारी होगी, तो प्रदेश स्तर पर यह ‘त्रिदेव’ भी विजय के संकल्प को सिद्ध करने में भागीदारी करेंगे। बाकी आकलन चुनाव परिणाम के बाद होते रहेंगे।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।