‘छेल्लो शो’ के साथ जुड़ी खुशी, राहुल की मौत का गम!

434

‘छेल्लो शो’ के साथ जुड़ी खुशी, राहुल की मौत का गम!

अशोक जोशी

इस बार ऑस्कर अवार्ड में भारत की तरफ से गुजराती फिल्म ‘छेल्लो शो’ भेजी गई है। जबकि, अनुमान लगाए गए थे कि ‘आरआरआर’ या ‘द कश्मीर फाइल्स’ में से किसी फिल्म को भेजा जाएगा! इसके अलावा किसी अन्य फिल्म की चर्चा तक नहीं थी! लेकिन, ज्यूरी ने इसी फिल्म को ऑस्कर में भेजे जाने के लिए चुना गया तो सबको आश्चर्य हुआ। दरअसल, इस फिल्म की कहानी बेहद अनोखी है। लेकिन, एक दुखद बात ये कि फिल्म में जिस बाल कलाकार राहुल कोली ने काम किया उसका ब्लड कैंसर से निधन हो गया।
ऑस्कर 2023 के लिए भारत की तरफ से फिल्म ‘छेल्लो शो’ (लास्ट फिल्म शो) को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए नॉमिनेट किया गया है। ये एक गुजराती फिल्म है जिसे पान नलिन ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म की पूरी कहानी गांव के एक बच्चे पर बुनी गई है। 110 मिनट की फिल्म ‘छेल्लो शो’ की ऑस्कर में एंट्री से सारे फिल्मी पंडित सदमे में हैं। क्योंकि, लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे कि ऑस्कर के लिए ‘आरआरआर’ या ‘द कश्मीर फाइल्स’ को नॉमिनेट किया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने ऑस्कर 2023 के लिए भारत की तरफ से ‘छेल्लो शो’ को भेजे जाने की अधिकारिक घोषणा की।

WhatsApp Image 2022 10 15 at 7.37.05 PM
फिल्म ‘छेल्लो शो’ के डायरेक्टर पान नलिन ने ट्वीट कर सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, कि यह किसी सपने की तरह है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया और एफएफआई जूरी मेंबर्स को धन्यवाद। ‘छेल्लो शो’ पर विश्वास करने के लिए शुक्रिया। मैं अब फिर से सांस ले सकता हूं और सिनेमा पर विश्वास कर सकता हूं, जो लोगों का मनोरंजन कर प्रेरित करता है। छेल्लो शो (लास्ट फिल्म शो) गांव के एक छोटे बच्चे समय की कहानी है, जिसे फिल्मों से प्यार होता है। कहानी उस वक्त की है, जब प्रोजेक्टर की मदद से फिल्मे देखी जाती थी. जिस बच्चे के आस पास यह फिल्म घूमती है, उसका नाम फिल्म में फज़ल है। फज़ल सिनेमा प्रोजेक्टर तकनीशियन को रिश्वत खिलाता है और हॉल के प्रोजेक्शन बूथ में घुस जाता है। इसी तरीके से वो फिल्में देखा करता है। यह कहानी फिल्मों के लिए उसके जुनून को दर्शाती है। गुजराती जुबान में छेल्लो का असली मतलब आखिरी है। इसलिए फिल्म का नाम ‘छेल्लो शो’ द लास्ट फिल्म शो 2021’ है।
फिल्म में सिंगल स्क्रीन सिनेमा कल्चर को बखूबी दिखाया गया है। ‘छेल्लो शो’ की कहानी उम्मीद और मासूमियत से भरी है। फिल्म के डायरेक्टर और लेखक पान नलिन की सेमी ऑटोबायोग्राफी है। दरअसल, पान नलिन उनकी पैदाइश और बचपन अदतला गांव सौराष्ट्र में गुजरा है और उन्हें फिल्मों से बेहद प्यार था। ये कहा जाए कि फिल्म की कहानी उनके बचपन के इर्द-गिर्द घूमती है, तो इसमें दोराय नहीं! गुजरात सौराष्ट्र के गांव चलाला में रहने वाले नौ साल के एक बच्चे पर आधारित इस फिल्म को खूब पसंद किया गया। फिल्म की शूटिंग सौराष्ट्र के गांव और रेलवे स्टेशन में ही हुई है। वहीं के कुछ लड़कों को भी फिल्म में लिया गया। फिल्म को रियल दिखाने के लिए पुरानी सेल्युलाइड हिंदी फिल्में और प्रोजेक्टर चलाने के लिए तकनीशियन का भी सहारा लिया गया। कास्टिंग डायरेक्टर दिलीप शंकर की मदद के साथ नलिन ने चाइल्ड आर्टिस्ट को कास्ट किया है। फिल्म की शूटिंग मार्च 2020 में पूरी हो गई थी, जिसके ठीक बाद देशभर में लॉकडाउन लग गया था। फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम कोरोना महामारी के दौरान पूरा किया गया।

WhatsApp Image 2022 10 15 at 7.37.05 PM 1
इस फिल्म के डायरेक्टर पान नलिन हैं। फिल्म में भाविन रबारी, भावेश श्रीमाली, ऋचा मीणा, दीपेन रावल और परेश मेहता ने अहम किरदार निभाया। ‘छेल्लो शो’ का वर्ल्ड प्रीमियर 10 जून, 2021 को 20वें ट्रिबेका फिल्म फेस्टिवल के दौरान हुआ था। इसके साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी बेहतरीन कमाई की। फिल्म की जबरदस्त कहानी ने उसे भारत की तरफ से ऑस्कर 2023 में एंट्री दिला दी। ये इस फिल्म फेस्टिवल में जाने वाली पहली गुजराती फिल्म है। बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में ‘छेल्लो शो’ को टियांटन अवार्ड के लिए नॉमिनेट किया गया था। ये फिल्म डोलिड फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट फिल्म का गोल्डन स्पाइक अवॉर्ड हासिल कर चुकी है। ऑस्कर नॉमिनेशन की रेस में कई बड़ी फिल्में आगे थीं, जिनमें एसएस राजामौली की आरआरआर, विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स, फहद फाजिल की फिल्म मलयंकुंजू और साउथ एक्टर नानी की फिल्म श्याम सिंघा रॉय शामिल थी। हालांकि, ज्यूरी ने ऑस्कर के लिए ऑफिशियल नॉमिनेशन के लिए ‘छेल्लो शो’ को चुना, जिसका अंग्रेजी नाम ‘लास्ट फिल्म शो’ है।
आरआरआर और द कश्मीर फाइल्स के बीच में टक्कर चल रही थी कि दोनों में कौनसी भारतीय फिल्म अगले साल होने वाले 94वें एकेडमी पुरस्कारों में जाएगी। काफी वक़्त से दोनों फिल्मों की चर्चा सोशल मीडिया पर थी। दोनों में से एक को इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए नॉमिनेट किया जा सकता था। पर, यहां कहानी में एक ट्विस्ट आया और दोनों ही फिल्मों को पछाड़ते हुए गुजराती फिल्म ‘छेल्लो शो’ ने ऑस्कर 2023 के नॉमिनेशन में अपनी जगह बना ली। इससे यह भी पता चलता है कि भले ही आप कितने भी पैसे लगाकर फ़िल्में तैयार कर लो! अगर फिल्म की कहानी अच्छी है, तो उसे ज़रूर सराहया जाएगा।

WhatsApp Image 2022 10 15 at 7.37.06 PM
वैसे तो ‘छेल्लो शो’ से बहुत सारी अच्छी बात जुड़ी है। लेकिन, हाल ही में एक ऐसी घटना घटी जिसने फिल्म से जुड़े लोगों को दुखी कर दिया। इस फिल्म के नायक भावीन के साथ मुख्य भूमिका निभा रहे बाल कलाकार राहुल कोली का कैंसर से निधन हो गया। राहुल कोली के निधन की खबर के बाद से उनकी फैमिली, चाहने वाले और फिल्म के मेकर्स को बड़ा झटका लगा है। राहुल कोली के निधन पर फिल्म में उनके को-एक्टर दीपेन रावल ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राहुल कोली के जाने का पूरी टीम को दुख है। हम सब एक दूसरे से एक परिवार की तरह जुड़े हुए थे। फिल्म में मेरे उनके साथ कुछ सीन फिल्माए गए हैं, जहां मैं राहुल के साथ दौड़ लगा रहा हूं। लेकिन, यकीन मानिये उस सीन को फिल्माते हुए कभी नहीं लगा कि राहुल को ब्लड कैंसर है।
उनमें ब्लड कैंसर के कोई लक्षण नहीं दिखे। अगर कुछ होता तो पता चलता। हमें राहुल कोली की बीमारी के बारे में कुछ महीनों बाद पता चला। जब पता चला तो बहुत दुख हुआ। उन्होंने कहा कि आज हमारी एक आंख में खुशी के आंसू हैं कि ‘छेल्लो शो’ की ऑस्कर में आधिकारिक तौर पर एंट्री हुई। दूसरी तरफ राहुल कोली को खोने का गम भी है। हालांकि, फिल्म मेकर्स ने राहुल कोली की याद में ट्रस्ट स्थापित करके उनकी स्मृति को सम्मानित करने की योजना बनाई है। है। इस फंड के माध्यम से, उनके परिवार को एक मासिक राशि मिलेगी, और यह ब्लड कैंसर और अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण (बोन मैरो ट्रांसप्लांट) के इलाज में अन्य बच्चों की मदद करने की दिशा में काम करेगी।