Harbhajan Singh Passes Away : हनीट्रैप मामले के शिकायतकर्ता हरभजन सिंह का निधन!

935

Harbhajan Singh Passes Away : हनीट्रैप मामले के शिकायतकर्ता हरभजन सिंह का निधन!

घर में अकेले थे, मौत का कारण अज्ञात, संभवतः दिल का दौरा पड़ा!

Rewa : बहुचर्चित हनीट्रैप मामले के शिकायतकर्ता इंदौर नगर निगम के पूर्व इंजीनियर और हरभजन सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। उनका शव रीवा के उनके पैतृक घर के एक कमरे में मिला। वे यहां अकेले रहते थे। पड़ोसी श्याम शाह उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रीवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उनकी मौत संभवतः दिल का दौरा पड़ने से हुई। जानकारी मिलने के बाद पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी उनकी पत्नी को मिली, जो अपने बेटे के साथ दूसरे शहर में रहती हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। लेकिन, अभी रिपोर्ट नहीं मिली। मामले की जांच जारी है।

हरभजन सिंह ने पलासिया थाने में शिकायत की थी कि कुछ महिलाएं उसे उसके अश्लील फोटो और वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल कर 3 करोड़ रुपए की मांग कर रही हैं। मामले में पुलिस ने कुछ महिलाओं की गिरफ्तारी भी की थी। मामले में कई नेताओं और बड़े सरकारी अधिकारियों के नाम सामने आने से यह मामला हनी ट्रैप के रूप में पहचाना जाने लगा।

मामले में हरभजन सिंह पर आरोप लगे कि उन्होंने पद का दुरुपयोग कर पकड़ी गई महिलाओं को आर्थिक लाभ पहुंचाया, कई सरकारी ठेके दिलवाए और शासन को करोड़ों रुपए की क्षति पहुंचाई। मामले में हरभजन सिंह और एक हनी ट्रैप में शामिल एक युवती का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। बाद में इंदौर नगर निगम ने हरभजन को निलंबित कर दिया था, जिसके खिलाफ वह कोर्ट में गया था, जहां से निलंबन का आदेश रद्द कर दिया गया था। इसके बाद शासन ने उसे रीवा तबादला करते हुए दोबारा निलंबित कर दिया था।