Youth Congress Elections: युवा कांग्रेस के चुनाव में कमलनाथ गुट हुआ 2 फाड, दिग्विजय समर्थक को हराने एक हुए उमंग, अरुण, कमलेश्वर, हेमंत

875

Youth Congress Elections: युवा कांग्रेस के चुनाव में कमलनाथ गुट हुआ 2 फाड, दिग्विजय समर्थक को हराने एक हुए उमंग, अरुण, कमलेश्वर, हेमंत

 

भोपाल: यूथ कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाने को प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में एक दूसरे को पटखनी देने की विसात बिछ चुकी है। इसमें कमलनाथ गुट भी दो फाड होता हुआ नजर आ रहा है। वहीं दिग्विजय सिंह समर्थक को प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनने देने के लिए प्रदेश कांग्रेस के कई युवा नेता एक जुट हो चुके हैं, इनकी भोपाल और इंदौर में दो बार बैठक भी हो चुकी है। जबकि युवा कांग्रेस का चुनाव सदस्यों के मतों से होना है, इसके बाद भी दिग्गज नेता अपने समर्थकों को प्रदेश अध्यक्ष बनवाने में हमेशा सफल रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की युवा कांग्रेस में चल सके इसके चलते ही हाई परफॉर्मर लिस्ट बनाकर एक रास्ता निकाला गया। इसमें कई ऐसे नाम हैं, जो युवा कांग्रेस के महत्वपूर्ण पद पर नहीं रहे हैं, लेकिन नेताओं के दबाव में यह किया गया। इसमें 43 नाम जारी किए हैं। जो युवा कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए पात्र हो गए हैं। हालांकि इनके अलावा अन्य कोई भी सदस्य यह चुनाव लड़ा सकता है।

kamalnath

कमलनाथ के समर्थक एवं जबलपुर के विधायक लखन घनघोरिया के बेटे यश घनघोरिया को युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए कमलनाथ गुट पूरी ताकत से जुट गया है, जबकि इसी गुट से जुड़े पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और अन्य नेता, शाजापुर के रामवीर सिकरवार के बेटे जयंत सिकरवार के लिए प्रयास रत है। रामवीर सिकरवार ने विधानसभा का पिछला चुनाव लड़ा था। उन्हें दिग्विजय सिंह का भी समर्थन प्राप्त है। कमलनाथ गुट से जुड़ी स्वीटी पाटिल का नाम भी हाई परफार्मर लिस्ट में शामिल है।

digvijay singh 1

*इधर दिग्विजय सिंह खेमे को कमजोर करने जुटे ये नेता* 

बताया जाता है कि दिग्विजय सिंह की ओर से लगभग यह साफ है कि वे जयंत सिकरवार के पक्ष में हैं। यह खबर लगते ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ करीब 12 दिन पहले भोपाल में एक बैठक हुई। इस बैठक में उमंग सिंघार के साथ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव, कमलेश्वर पटेल, हेमंत कटारे और एक पूर्व विधायक शामिल हुए। बैठक में रणनीति बनाई गई कि किस परिस्थिति में किसे वे पीछे से सहयोग करेंगे। वहीं चार दिन पहले इंदौर में भी एक बैठक हुई, जिसमें अरुण यादव और उमंग सिंघार शामिल थे। इसमें रणनीति को फाइनल टच दिया गया।

*यश को दे सकते है समर्थन* 

उमंग, अरुण सहित अन्य नेताओं की दोनों बैठक के बाद यह सामने निकल कर आ रहा है कि यश घनघोरिया को समर्थन देकर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनवा दिया जाए, हालांकि अभी इस रणनीति में समय के अनुसार परिवर्तन हो सकता है। यश सीधे तौर पर कमलनाथ गुट से जुड़े हुए हैं।

युवा कांग्रेस के नॉमिनेशन मंगलवार की शाम 5 बजे तक होंगे। इसमें आपत्ति और स्कूटनी अगले दिन होगी। बीस मई को यह तय हो जाएगा कि चुनाव में कौन-कौन उम्मीदवार मैदान में हैं।