अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार कार पलटी: ससुर-बहू की मौत, 3 गंभीर घायल

बहू को मायके छोड़ने जा रहा था परिवार; हादसे के बाद चीख-पुकार, ग्रामीणों ने निकालकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

24

अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार कार पलटी: ससुर-बहू की मौत, 3 गंभीर घायल

छतरपुर: जिले के बाजना थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीताल रोड पर सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार ससुर और बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
जानकारी के मुताबिक कार क्रमांक UP 14 GT 1795 रानीताल से पनागर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि 55 वर्षीय मुन्नीलाल अहिरवार (पिता- रमुआ अहिरवार) अपनी 23 वर्षीय बहू प्रियंका अहिरवार (पति- कोमल अहिरवार) को उसके मायके पनागर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रानीताल रोड पर अंधे मोड़ के पास कार तेज गति के कारण अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और स्थानीय रेस्क्यू वाहन की मदद से बिजावर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बिजावर स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर महेश त्रिवेदी ने जांच के बाद मुन्नीलाल अहिरवार और प्रियंका अहिरवार को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल ड्राइवर धर्मेंद्र चौरसिया, हरि और नीलम की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बाजना थाना प्रभारी अयोध्या प्रशाद के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।