
पति-पत्नी गर्मी में सोए थे बाहर, चोरों ने कर दिये 45 लाख से अधिक के जेवर पार
बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल थाना क्षेत्र में चोरों ने मकान मालिक के बाहर सोने का फायदा उठाते हुए अलमारी में रखे सोने के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। अज्ञात बदमाश करीब 40 से 45 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पानसेमल थाना प्रभारी सुनील कुमार रघुवंशी के अनुसार चोरी की यह वारदात गुरुवार तड़के मेंद्राना गांव में अंबालाल चौधरी के घर हुई। चोरों ने घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे कीमती आभूषण व नकदी चुरा ली। पुलिस द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 24 तोला सोना (जिसकी कीमत लगभग 40-45 लाख रुपये बताई जा रही है) और 10 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ जब परिवार को घर में चोरी की जानकारी मिली। अंबालाल ने पुलिस और अपने पुत्र को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना के समय अंबालाल चौधरी और उनकी पत्नी घर के बाहर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने अंदर प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सुनियोजित तरीके से अलमारी को निशाना बनाया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उन्हें घर में रखे सामान की पहले से जानकारी थी।
इधर, अंबालाल के पुत्र प्रशांत चौधरी, जो गुजरात के वापी में नौकरी करते हैं, घटना की जानकारी मिलते ही घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि चोरी में करीब 32 तोला सोना गायब है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। मामले में जल्द खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।





