
Khargone News: 150 रु के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में नाबालिग की मौत से तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
खरगोन : मप्र के खरगोन जिले के करही कस्बे में 150 रु के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद एक नाबालिग की मौत से गुरुवार को तनाव की स्थिति बन गयी। हालात को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
निमाड़ रेंज के डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा के अनुसार गुरुवार को 23 वर्षीय दिव्यांग वेल्डर सानू खान और पड़ोस में गैरेज में काम करने वाले 15 वर्षीय किशोर के बीच 150 रु के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान सानू खान ने किशोर को कोहनी मार दी। जो उसके छाती और पेट के हिस्से में लगी। इसके बाद किशोर की तबीयत बिगड़ने लगी और वह थाने पहुंचा।
उसे पहले मंडलेश्वर में भर्ती कराया गया और उसके बाद फिर इंदौर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही करही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सानू खान की वेल्डिंग दुकान और उससे लगे उसके घर में आग लगाने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पांच थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया है।
आरोपी सानू खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है। तनाव के चलते करही में बाजार बंद रहे और कुछ लोगों ने थाने में प्रदर्शन भी किया।
शुक्रवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।





