लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में सबकी निगाहें विष्णु और खजुराहो सीट पर…

229

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में सबकी निगाहें विष्णु और खजुराहो सीट पर…

मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में सबसे चर्चित सीट खजुराहो है तो सबसे ज्यादा चर्चा में चेहरा विष्णु दत्त शर्मा का है। राष्ट्रीय स्तर पर खजुराहो सीट और विष्णु दत्त शर्मा की जीत के अंतर की तरफ सबकी निगाहें हैं। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में मध्य प्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर 80 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे। इनमें से 26 प्रत्याशी करोड़पति हैं। 17 प्रत्याशी 10वीं पास नहीं हैं। होशंगाबाद सीट से कांग्रेस प्रत्याशी संजय शर्मा के पास सबसे अधिक संपत्ति है। दूसरे चरण में दो डॉक्टर भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तमाम बातों का जिक्र हो रहा है, तब भी सबसे ज्यादा चर्चा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा हैं। जिनकी जीत के लिए दस लाख पार के नारे लग रहे हैं। जहां इंडी गठबंधन नदारद सा ही है, भले ही उसने समर्थन आरबी प्रजापति को दे दिया हो। पर चुनाव मैदान में न प्रजापति दिख रहे हैं और न विपक्ष। वहीं भाजपा सर्वाधिक मतदान कराने के प्रयास में जुटी है।
26 अप्रैल को मध्य प्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर दूसरे चरण का मतदान होगा। इसके लिए चुनाव प्रचार 24 अप्रैल यानि आज शाम पांच बजे खत्म हो जाएगा। दमोह, होशंगाबाद, खजुराहो,रीवा,सतना और टीकमगढ़ लोकसभा सीटों पर मतदान होना है।दमोह में 14, होशंगाबाद  में 12, खजुराहो में 14, रीवा में 14, सतना में 19 और टीकमगढ़ में 07 प्रत्याशी यानि कुल 80 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। साल 2019 की तुलना में होशंगाबाद (नर्मदापुरम) छोड़ कर सभी सीटों पर उम्मीदवारों की संख्या कम हुई है. टीकमगढ़ में सबसे कम सात प्रत्याशी मैदान में हैं। इस बार चुनाव मैदान में 75 पुरुष उम्मीदवार, 4 महिला उम्मीदवार और एक थर्ड जेंडर प्रत्याशी हैं। खजुराहो सीट पर भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा सांसद वीडी शर्मा का मुकाबला इंडी गठबंधन समर्थित फॉरवर्ड ब्लॉक के राजा भैया प्रजापति से है। इसी तरह केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक टीकमगढ़ (एससी आरक्षित) सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। साल 2008 में परिसीमन के बाद अलग हुए इस निर्वाचन क्षेत्र में हुए सभी तीन चुनावों में खटीक ने जीत हासिल की है। कांग्रेस ने इस सीट से पंकज अहिरवार को मैदान में उतारा है। बीजेपी ने सतना से गणेश सिंह और रीवा से जनार्दन मिश्रा को फिर से टिकट दिया है। होशंगाबाद लोकसभा सीट से दर्शन सिंह और दमोह से राहुल लोधी जैसे नए चेहरों को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने सतना से मौजूदा विधायक सिद्धार्थ कुशवाह, रीवा से पूर्व विधायक नीलम मिश्रा, होशंगाबाद से पूर्व विधायक संजय शर्मा और दमोह से पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी को मैदान में उतारा है। पहले चरण की छह सीटों जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, सीधी और शहडोल पर 88 उम्मीदवार मैदान में थे। साल 2019 में इनमें भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी छोड़ बाकी सभी की जमानत जब्त हो गई थी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी में आयोजित ऐतिहासिक रोड शो के बाद कहा कि यह लोकसभा का चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। यह चुनाव 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का चुनाव है। यह चुनाव भारत के भविष्य बनाने का चुनाव है। कांग्रेस पार्टी सहित कई अन्य दलों ने अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का बहिष्कार किया है। आप सभी नरेन्द्र मोदी को ऐतिहासिक बहुमत से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर राम के विरोधियों को सबक सिखाएं। उन्होंने बिना भ्रम और अति आत्मविश्वास में रहे अधिक से अधिक मतदान करने की अपील सभी मतदाताओं से की है। वैसे तो दूसरे चरण में सभी दलों के प्रत्याशियों ने यही अपील की होगी। पर चर्चा खजुराहो की ही ज्यादा है…।