Income Tax in Action : सौरभ शर्मा की डायरी में मिले RTO अफसरों, ज्वेलर्स और नेताओं से भी पूछताछ होगी, नोटिस जारी!

शरद और चेतन से उनकी कंपनियों में भागीदारी और निवेश के स्रोतों को लेकर पूछताछ!

1062

Income Tax in Action : सौरभ शर्मा की डायरी में मिले RTO अफसरों, ज्वेलर्स और नेताओं से भी पूछताछ होगी, नोटिस जारी!

Bhopal : सौरभ शर्मा, चेतन सिंह और शरद जायसवाल से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही आयकर विभाग ने 52 किलो सोने और 11 करोड़ नकदी से भरी कार से मिली डायरी की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इसमें 52 आरटीओ (परिवहन विभाग) के अधिकारियों और 4-5 ज्वेलर्स और कुछ नेताओं के नामों के साथ लेनदेन का ब्यौरा दर्ज है। संबंधित लोगों को आयकर विभाग ने नोटिस भेज दिए, जल्द ही उनसे पूछताछ होगी।

शरद और चेतन से उनकी कंपनियों में भागीदारी और निवेश के स्रोतों को लेकर पूछताछ हो रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में भी जुटी हैं कि सोना और नकदी कहां से आया और इसका इस्तेमाल कहां होना था। इससे पहले गुरुवार सुबह तीनों आरोपियों का जेपी अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया गया। फिर ईडी ने पूछताछ शुरू की, जिसमें सौरभ के घर और कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग का उपयोग किया जा रहा है। ये फुटेज तीस दिन पुरानी हैं, जिनमें उसके घर और कार्यालय में आने-जाने वाले लोगों की पहचान और गतिविधियों की जांच की जा रही है।

ईडी ने गुरुवार को विशेष न्यायाधीश सचिन कुमार घोष की कोर्ट में सौरभ, चेतन और शरद के परिवार से मुलाकात की अर्जी का विरोध किया। एजेंसी का तर्क था कि आरोपियों के परिजनों के नाम पर भी कंपनियां और संपत्तियां हैं, जिनकी जांच जारी है। कोर्ट ने अर्जी खारिज कर दी, हालांकि, आरोपियों को अपने वकीलों से मिलने की अनुमति दी गई है। परिजनों ने ईडी की हिरासत में सौरभ, चेतन और शरद से मिलने की अनुमति मांगी थी। आयकर और ईडी के अलावा भी एजेंसियां इनसे पूछताछ कर सकती है।