WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

IPL Betting Gang Caught : IPL सट्टा खिलाते 8 सटोरिए पकड़ाए, 22 मोबाइल समेत कई सामग्री मिली!

इन सट्टेबाजों की गैंग का नेटवर्क देश के कई शहरों में, जब्त रजिस्टर में करोड़ों का हिसाब मिला!  

IPL Betting Gang Caught : IPL सट्टा खिलाते 8 सटोरिए पकड़ाए, 22 मोबाइल समेत कई सामग्री मिली!

Indore : लसूड़िया पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने ऑनलाइन IPL क्रिकेट मैच का सट्टा चलाने वाली गैंग के 8 सटोरियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 22 मोबाइल, 17 चेकबुक, 5 लैपटॉप, 21 पास बुक, 31 एटीएम, 21 सिमकार्ड, 1 लाख 10 हजार नकद जब्त किए। उनके पास से रजिस्टर भी मिले जिसमें ऑनलाइन सट्टे के हिसाब किताब का करोड़ों रुपए का लेखा जोखा है।

ये आरोपी लसूडिया क्षेत्र के स्कीम 136 स्थित एक बहुमंजिला बिल्डिंग के एक फ्लैट में वेबसाइट के माध्यम से ग्राहकों की आईडी बनाकर लैपटॉप एवं मोबाइल के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध गैंबलिंग एक्ट के साथ धोखाधड़ी की धाराओं में भी अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि लसूडिया क्षेत्र के स्कीम 136 स्थित फ्रेंडजो मल्टी के एक फ्लैट में आईपीएल क्रिकेट मैच का ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। इस सूचना पर एसीपी विजयनगर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच टीम एवं थाना लसूडिया ने साझा कार्रवाई करते हुए बताए स्थान पर दबिश दी। वहां फ्लैट में कुछ व्यक्ति लैपटॉप एवं मोबाईल के माध्यम से आईपीएल मैच सहित अन्य खेलों मे ऑनलाइन का सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस टीम ने इन्हें पकड़ा और पूछताछ की। पकडे गए आरोपियों ने अपने नाम माधव बंसल, तीर्थ सैनी, नितिन उर्फ लखन तेली, राहुल राठौर, देवेंद्र सिंह चौहान, विशाल, लक्ष्य सैनी और अंकित प्रजापति बताए।

पूछताछ में उन्होंने उक्त फ्लैट से लोटस-365 वेबसाइट के माध्यम से विभिन्न खेलों में इंटरनेट से ग्राहकों को आईडी बनाकर आईपीएल के मैच में सट्टा खिलवाना स्वीकार किया। आरोपी फर्जी नाम से मोबाइल के सिम कार्ड तथा बैंक अकाउंट खुलवाकर ऑनलाइन ट्रांजैक्शन गूगल पर फोन पर क्यूआर कोड के माध्यम से अकाउंट में करते थे। अकाउंट से पैसा तुरंत दूसरे सुरक्षित अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया करते थे। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि देश के कई शहरों में इस तरह का नेटवर्क फैला है। दिल्ली राजस्थान, नोएडा, रायपुर, दुर्ग भिलाई तथा गुजरात और महाराष्ट्र में इस तरह के ऑनलाइन ठगी के सेंटर चल रहे हैं।

फर्जी सिम कार्ड तथा फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर ठगी करने के प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ धारा 419,420 आईपीसी तथा 3 / 4 गैंबलिंग एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों से इस अपराध से जुड़े अन्य आरोपीगण के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से 22 मोबाइल, 17 चेकबुक , 5 लैपटॉप, 21 पासबुक, 31 एटीएम, 21 सिमकार्ड, 1 लाख 10 हजार नकद और रजिस्टर मिले जिनमें ऑनलाइन सट्टे का करोड़ों का हिसाब-किताब पाया गया।