पहले चरण की आखिरी रात आज…

पहले चरण की आखिरी रात आज…

 

मध्यप्रदेश में पहले चरण की छह लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार 17 अप्रैल को शाम पांच बजे खत्म हो गया। अब घर घर जाकर बात, मुलाकात और मत मांगने का दौर जारी है। और पहले चरण के रण की आखिरी रात प्रत्याशियों के मन पर बहुत भारी पड़ने वाली है। 19 अप्रैल को सुबह से शाम के बीच प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। इसमें सबसे चर्चित सीट छिंदवाड़ा के साथ ही बालाघाट, जबलपुर, मंडला, शहडोल और सीधी सीट शामिल हैं। एक करोड़ तेरह लाख मतदाताओं में से कितने प्रतिशत मतदान होता है, इसके आधार पर प्रत्याशियों की जीत-हार के आंकलन का सिलसिला 4 जून तक चलता रहेगा। सर्वाधिक इंतजार पहले चरण के प्रत्याशियों को करना पड़ेगा। मतदान के पहले वाली रात तो भारी होती ही है, पर इस पर भी भारी है परिणाम आने तक का 45 दिन का लंबा इंतजार। तब तक आकलन होता रहेगा और जीत के दावों के पक्ष में तथ्य जुटाकर उन पर चर्चा का दौर जारी रहेगा।

शुरुआत सीधी लोकसभा सीट से करते हैं। यहां पर भाजपा के डॉ. राजेश मिश्रा का मुकाबला कांग्रेस के कमलेश्वर पटेल से है। कमलेश्वर पटेल मध्यप्रदेश में 2018 में बनी कांग्रेस सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रहे हैं। हालांकि 2023 विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विश्वामित्र पाठक ने उन्हें हराकर पुराना हिसाब किताब बराबर कर लिया है। और एक बार फिर लोकसभा चुनाव में पटेल को डॉ राजेश मिश्रा चुनौती दे रहे हैं। सीधी सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस लोकसभा सीट की आठ में से सिर्फ एक सीट चुरहट की कांग्रेस के पास है। और भाजपा से बागी पूर्व सांसद अजय प्रताप सिंह गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं।

शहडोल लोकसभा सीट पर भाजपा से वर्तमान सांसद हिमाद्री सिंह ही मैदान में हैं। यहां की आठ विधानसभा सीट में से सिर्फ एक सीट पुष्पराजगढ़ कांग्रेस के पास है। इस सीट से विधायक फूंदेलाल मार्को को ही कांग्रेस ने टिकट दिया है। मार्को का चेहरा अच्छा है, लेकिन उनका विस्तार एक विधानसभा सीट तक ही है, बाकी वह पार्टी जनाधार के भरोसे ही हैं।

 

मंडला में भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते हैं। कुलस्ते हाल ही में निवास सीट से विधानसभा चुनाव हार गए थे। कांग्रेस ने विधायक ओमकार सिंह मरकाम को टिकट दिया है। कांग्रेस को आदिवासी वोटों पर भरोसा है। इस सीट पर आठ में से पांच विधानसभा सीटें कांग्रेस के पास है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी भी यहां चुनाव लड़ रही है।

जबलपुर में भाजपा से आशीष दुबे मैदान में हैं। कांग्रेस ने दिनेश यादव को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस के बड़े नेता महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी और एकता ठाकुर चुनाव से पहले ही भाजपा में शामिल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जबलपुर में रोड शो कर प्रदेश में चुनाव प्रचार का आगाज किया था।

बालाघाट संसदीय सीट पर भाजपा ने सांसद ढाल सिंह बिसेन का टिकट काट कर भारती पारधी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने सामान्य वर्ग से आने वाले सम्राट पर दांव लगाया है। बालाघाट से विधायक अनुभा मुंजारे के पति पूर्व सांसद कंकर मुंजारे बीएसपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

 

छिंदवाड़ा में मुकाबला भाजपा के विवेक साहू बंटी और कांग्रेस से वर्तमान सांसद नकुलनाथ के बीच है। कमलनाथ ने चुनाव में मोर्चा संभाल रखा है। तो भाजपा से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय नाथ का तंबू उखाड़ने में लगे हैं। अमित शाह ने छिंदवाड़ा में रोड शो कर नाथ के गढ़ को कमजोर करने की कोशिश की है।

तो मध्यप्रदेश में पहले रण की अंतिम रात प्रत्याशियों की नींद उड़ाने वाली है। भाजपा में मोदी हैं तो सब मुमकिन है, पर भरोसा है। तो कांग्रेस में नेतृत्व फील गुड कराने वाला नहीं है। छह लोकसभा सीटों पर कुल एक करोड़ तेरह लाख मतदाताओं में मतदान करने वाले लोग 19 अप्रैल 2024 को किस सीट पर किसकी‌ 12 बजाते हैं और किसकी पौ बारह होती है, यह 4 जून को ही सामने

आ पाएगा।

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।