Lumpy’s Effect Increased : मानपुर में लंपी से 100 से ज्यादा पशु प्रभावित

पशु चिकित्सालय में भारी भीड़, जरुरी टीके लगना शुरू

375

Lumpy’s Effect Increased : मानपुर में लंपी से 100 से ज्यादा पशु प्रभावित 

Indore : देपालपुर और बेटमा के बाद अब लंपी वायरस ने इंदौर जिले के मानपुर में दस्तक दी। इस बीमारी से नगर पंचायत क्षेत्र की लगभग 100 गाय चपेट में आ गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर पशुओं के इलाज के लिए सुबह से पशुपालकों की भीड़ लग रही है। देपालपुर नगर पंचायत में बीमारी से मपशुओं के बीमार होने की संख्या लगातार बढ़ी गई।

मानपुर स्वास्थ्य केन्द्र में दो पशु चिकित्सक और चार कंपाउंडर हैं, जो सुबह 8 बजे से इलाज में लगे हैं। पशुओं को लगाए जाने वाले टीके भी केन्द्र पर पहुंच गए हैं। नगर पंचायत भी अपने स्तर पर पशुओं को बीमारी से बचाने में लगा हुआ है। लगातार पशुओं का आंकड़ा बढ़ने के बाद आसपास के गांवों में लगने वाले पशु हाट पर आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। दुधारू पशु गाय और भैंस में कुछ दिन से यह बीमारी फैलने लगी है। बीमारी की प्रारंभिक जानकारी नहीं होने से पशुपालक निश्चिंत रहता है। हालांकि, पशुओं के दूध कम देने से शंका जरुर बनती है कि कहीं बीमार तो नहीं हो गया।

फफोलों के साथ कमजोरी

करीब पांच दिन बाद पशुओं को फफोले आने लगते हैं, जो बाद में बड़े घाव बनकर एक तरह से नासुर हो जाते हैं। इसके बाद पशु कमजोर होकर दूध देना बंद कर देता है। समय पर इलाज नहीं मिलने से पशु की मौत हो जाती है। पिछले दिनों देपालपुर में उक्त बीमारी से एक गाय की मौत हो गई थी।

वेटरनरी डॉक्टर सक्रिय

मानपुर में 100 गाय के बीमार होने के बाद महू एसडीएम अक्षत जैन ने किशनगंज स्थित वेटरनरी कॉलेज व पंचायतों में पदस्थ पशु चिकित्सकों को निर्देश दिए हैं कि वे लगातार पशुओं के इलाज पर फोकस करें। प्रशासनिक स्तर पर उन्हें जो भी मदद होगी, पूरी की जाएगी। इसके बाद वेटरनरी कॉलेज के पशु चिकित्सक भी मानपुर व आसपास के पशुओं पर नजर रखे हैं। मानपुर के एक पशुपालक ने बताया कि मानपुर में सैकड़ों की तादाद में गाय और भैंस बीमारी से ग्रसित हैं। अपने स्तर पर ग्रामीण इलाज करा रहे हैं। सामुदायिक केन्द्रों पर भी दो डॉक्टर पदस्थ हैं। प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो पशुओं की संख्या बढ़ सकती है।