Mahendra Sethia Passes Away : ‘नईदुनिया’ के आधार स्तम्भ रहे महेंद्र सेठिया का निधन

1199

Mahendra Sethia Passes Away : ‘नईदुनिया’ के आधार स्तम्भ रहे महेंद्र सेठिया का निधन

Indore : नईदुनिया के संस्थापक स्व बसंतीलाल सेठिया के पुत्र और वरिष्ठ पत्रकार महेंद्र सेठिया का आज लम्बी बीमारी के बाद दुखद निधन हो गया। वे 73 साल के थे और लंबे समय से लीवर की बीमारी से पीड़ित थे। उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ समेत कई लोगों ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की।
महेंद्र सेठिया नईदुनिया के आधार स्तम्भ रहे हैं। उनके पिताजी स्व बसंतीलाल सेठिया संस्थापक सदस्यों में से एक थे। कॉलेज की शिक्षा के बाद से ही वे ‘नईदुनिया’ से जुड़ गए थे। प्रबंधन से जुड़े होने के साथ वे पत्रकार भी थे और ख़बरों में भी अच्छी दखल रखते थे। वे मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारी भी रहे उनका शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान रहा है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि नईदुनिया समाचार पत्र के आधार स्तंभों में से एक और मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की स्क्रूटनी कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र सेठिया के अकस्मात निधन से मन अत्यंत व्याकुल है। भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके शोकाकुल परिवार को इस भीषण आघात को सहने की शक्ति दें।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि वरिष्ठ पत्रकार व खेल प्रशासक महेन्द्र सेठिया के निधन का समाचार बेहद दुखद है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।

ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने वरिष्ठ पत्रकार महेन्द्र सेठिया के दुखद निधन पर शोक व्यक्त किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहन संवेदना व्यक्त की है। महेंद्र सेठिया के परिवार में उनके पुत्र विनीत सेठिया, पुत्री नेहा, पत्नी विजया सेठिया और भाई प्रेम सेठिया हैं।