Memorandum Submitted to Free Ancient Temple : रतलाम के प्राचीन श्रीकृष्ण मंदिर को मुक्त कराने की मांग, संतों- श्रद्धालुओं ने सौंपा ज्ञापन!

184

Memorandum Submitted to Free Ancient Temple : रतलाम के प्राचीन श्रीकृष्ण मंदिर को मुक्त कराने की मांग, संतों- श्रद्धालुओं ने सौंपा ज्ञापन!

Ratlam : शहर के रामदेवजी की घाटी स्थित प्राचीन श्रीकृष्ण मंदिर को लेकर सनातन समाज में आक्रोश का माहौल है। मंदिर की भूमि पर कथित अवैध कब्जे और मंदिर में ताले लगाए जाने के विरोध में मंगलवार को संतों, श्रद्धालुओं एवं सनातन धर्म प्रेमियों द्वारा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के नाम डिप्टी कलेक्टर संजय शर्मा को दिया गया, जिसमें मंदिर को तत्काल मुक्त कर श्रद्धालुओं के लिए पुनः खोले जाने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि रामदेवजी की घाटी स्थित यह प्राचीन श्रीकृष्ण मंदिर सैकड़ों वर्षों से सनातन संस्कृति, आस्था और धार्मिक परंपरा का प्रतीक रहा है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा मंदिर की पवित्र भूमि को अपने नाम दर्ज करवाकर छोटे-छोटे हिस्सों में बेचने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन के अनुसार RTI से प्राप्त दस्तावेजों में वर्ष 1976 में उक्त भूमि श्रीकृष्ण मंदिर के नाम दर्ज होना सामने आया है, लेकिन बाद में कथित रूप से अवैध तरीके से भूमि का क्रय-विक्रय प्रारंभ कर दिया गया।

WhatsApp Image 2026 05 26 at 18.33.47

श्रद्धालुओं ने इसे धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में मंदिर पर ताले लगे हुए हैं तथा वहां नियमित पूजा-पाठ नहीं हो पा रहा है। मंदिर में प्राचीन प्रतिमाएं आज भी विराजमान हैं, लेकिन श्रद्धालुओं को वहां से हटाया जाता है। इससे सनातन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक मंदिर का मामला नहीं, बल्कि सनातन धर्म की सांस्कृतिक धरोहर और आस्था के संरक्षण का प्रश्न है। ज्ञापन में मुझे इन तालों से मुक्त करो.. जैसे शब्दों के माध्यम से मंदिर की वर्तमान स्थिति को मार्मिक रूप में प्रस्तुत किया गया।

WhatsApp Image 2026 05 26 at 18.33.47 1

यह ज्ञापन पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी श्री कृष्णानंद जी महाराज, बगलामुखी शक्तिपीठ खाचरोद (जिला उज्जैन), श्रीमती तारा देवी सोनी पूर्व एल्डरमैन भाजपा तथा निलेश सोनी सामाजिक कार्यकर्ता के सान्निध्य में मंगलवार 26 मई 2026 को प्रातः 11 बजे जिला प्रशासन को सौंपा गया।

ज्ञापन सौंपते समय सनातन धर्म सभा अध्यक्ष अनिल झालानी, जनक नागल, इन्दर सोनी, चेतन शर्मा, छोटू सोनी, लाला पंड्या, सुरेश दवे, ललित चौपड़ा, जुगल पंड्या, एडवोकेट हेमा निरंजनी, शैलेन्द्र सोनी, राजु सुरोलिया, अनिल पुरोहित, संजय सोकाल सहित बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबी मौजूद थे।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार रखी गईं!

प्राचीन श्रीकृष्ण मंदिर को तत्काल प्रशासन के अधीन लिया जाए। मंदिर को श्रद्धालुओं हेतु पुनः खोला जाए। मंदिर भूमि पर भव्य मंदिर निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया जाए। श्रद्धालुओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सनातन समाज व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होगा!