

‘Mission 2028’ of Congress : मध्यप्रदेश कांग्रेस को मजबूत बनाने की रणनीति पचमढ़ी में बनेगी, ‘मिशन 2028’ पर फोकस होगा!
Bhopal : कांग्रेस के केंद्रीय संगठन की तैयारी मध्यप्रदेश में पार्टी को मजबूत करने के साथ 2028 में होने वाले चुनाव पर है। इसके लिए कांग्रेस का प्रांतीय अधिवेशन पचमढ़ी 9 और 10 अगस्त को करने की तैयारी चल रही है। अभी पचमढ़ी में करने का विचार है, पर जबलपुर का नाम भी लिया जा रहा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस अधिवेशन में कांग्रेस ‘मिशन 2028’ की रणनीति बनाएगी। मप्र में विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद अब कांग्रेस अपनी मजबूती और विस्तार पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं।
अहमदाबाद में हुए राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद अब प्रदेश कांग्रेस प्रादेशिक अधिवेशन आयोजित कर रही है। इस अधिवेशन में प्रदेश के सभी प्रमुख नेता, संगठन पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस अधिवेशन में आगामी चुनावी रणनीति और जन आंदोलनों की रूपरेखा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
पचमढ़ी पर्यटन स्थल होने के साथ प्रदेश के बीच में स्थित है। विंध्य हो या फिर चंबल के पदाधिकारी, दोनों के लिए यहां पहुंचना में लगभग बराबर दूरी तय करनी होगी इसलिए यहीं अधिवेशन होना लगभग तय है। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी, विशेष और स्थायी आमंत्रितों के साथ सभी मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य, जिला और ब्लाक इकाइयों के अध्यक्ष, वर्तमान और पूर्व सांसद-विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ महापौर भाग लेंगे। कुछ राष्ट्रीय पदाधिकारियों को भी मार्गदर्शन के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
तीन साल की कार्ययोजना पर विचार
नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में कांग्रेस का प्रांतीय अधिवेशन 26 साल बाद फिर होने जा रहा है। वर्ष 1998 में यहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का चिंतन शिविर हुआ था। अब अगस्त में यहां प्रांतीय अधिवेशन करने की तैयारी है। इसमें संगठन को सशक्त बनाने से लेकर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तैयारी से जुड़ी तीन साल की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा। इस अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
विधानसभा और उसके बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी हार मिलने के बाद पार्टी का पूरा फोकस संगठन को सशक्त करने पर है। इसके लिए गांव और वार्ड स्तर पर जहां समितियों का गठन प्रस्तावित किया गया है तो जिला और ब्लाक इकाइयों में भी बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी है। कई नए कार्यक्रम भी पार्टी ने हाथ में लिए हैं।
पार्टी की भविष्य की चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर मंथन करने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने प्रांतीय अधिवेशन करने का निर्णय लिया है। अभी यह 9-10 अगस्त को प्रस्तावित है। इसके लिए जबलपुर या पचमढ़ी में से किसी एक स्थान का चयन होना है। कांग्रेस ने आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी अब सीधे बूथ स्तर पर फोकस करने जा रही है।