MP के मुखिया कल आयेंगे अपने गृह नगर उज्जैन,7 किमी मार्ग से निकलेगी स्वागत यात्रा, लेंगे जनता का आशीर्वाद

458

MP के मुखिया कल आयेंगे अपने गृह नगर उज्जैन,7 किमी मार्ग से निकलेगी स्वागत यात्रा, लेंगे जनता का आशीर्वाद

उज्जैन से मुकेश भीष्म की विशेष

उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुखिया बनने के बाद नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव 16 दिसंबर को अपने गृहनगर उज्जैन आ रहे है। आम जन, समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनके जोरदार स्वागत की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री की रैली उज्जैन शहर में करीब 7 किलोमीटर लंबी निकलेगी। मार्ग इस तरह निर्धारित किए है कि उज्जैन शहर के अधिकतम क्षेत्र के नागरिकों से डॉ यादव रूबरू हो सके। मुख्यमंत्री की स्वागत रैली के बाद जनता के प्रति आभार सभा और अपने निवास पर जाने की भी संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उज्जैन आगमन पर आयोजित स्वागत रैली की तैयारियों को लेकर भाजपा नगर की बैठक भाजपा लोकशक्ति कार्यालय पर हुई।

प्रदेश मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना ने बताया कि बैठक में नगर अध्यक्ष विवेक जोशी ने सभी कार्यकर्ताओं को कहा कि उज्जैन के लिए गौरवशाली क्षण है कि उज्जैन के विधायक डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री बने हैं। हम सब का दायित्व बनता है कि उनके नगर आगमन पर भव्य स्वागत किया जाए। स्वागत में आमजन की सहभागिता अधिक से अधिक हो और यह स्वागत रैली ऐतिहासिक होगी।

बैठक में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, पारस जैन, राजेन्द्र भारती, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला, इकबालसिंह गांधी, वीरेंद्र कावडिय़ा, प्रदीप पाण्डे, रूप पमनानी, किशोर खंडेलवाल, प्रभुलाल जाटवा, संजय अग्रवाल, विशाल राजोरिया सत्यनारायण खोईवाल, संजय अग्रवाल जगदीश पांचाल सहित कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित थे।

वैसे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को दोपहर में राजाधिराज भगवान महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आये थे। इसके बाद बैठक लेने भोपाल रवाना हो गए थे। अब वे शनिवार को उज्जैन से आरंभ हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लेंगे। इसके बाद आमजन, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का स्वागत स्वीकार करने के लिए शनिवार को एक बार फिर शहर में पहुंचेगें। इसे लेकर आमजन में भी बहुत उत्साही है।वहीं उज्जैन के भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरशोर से तैयारी की है।

स्वागत रैली 16 दिसंबर शनिवार को दशहरा मैदान से प्रारंभ होगी, जो कि सुराना पैलेस होटल, कंट्रोलरूम तिराहा, वर्षा झोन कॉर्नर, फ्रीगंज गुरुद्वारा, निखार फेशन से दाईं ओर शहीद पार्क सर्कल, टॉवर चौक, तीन बत्ती चौराहा, सिंधी कॉलोनी तिराहे से बाईं ओर, विवेकानंद कॉलोनी, लोटी स्कूल चौराहा, धन्नालाल की चाल, फीगंज ब्रिज, चामुण्डा माता चौराहा, देवासगेट, मालीपुरा, दौलतगंज, नई सड़क, कंठाल चौराहा, सराफा, छत्री चौक पर समापन होगा।