MP News: टैंकर में दम घुटने से 2 युवकों की मौत, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सड़क पर लगाया जाम

131

MP News: टैंकर में दम घुटने से 2 युवकों की मौत, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सड़क पर लगाया जाम

NH-86 और महाराजपुर तिराहे पर शव रखकर प्रदर्शन, पुलिस समझाइश में जुटी..

छतरपुर: छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा में टैंकर के अंदर दम घुटने से दो युवकों की मौत के मामले ने रविवार को तूल पकड़ लिया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपे गए तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के NH-86 सागर-कानपुर रोड और महाराजपुर तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रीता सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने में जुटा हुआ है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को गढ़ीमलहरा क्षेत्र में गुलाब अनुरागी और अरमान खान पानी के टैंकर की मरम्मत के बाद उसके अंदर पेंटिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान टैंकर के अंदर जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण दोनों का दम घुट गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

WhatsApp Image 2026 04 19 at 17.04.02

मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही थी।

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपे गए, परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने मुआवजे व कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप है कि बिना सुरक्षा इंतजाम के टैंकर के अंदर काम कराया गया, जिससे यह हादसा हुआ। और वह इसे हत्या करार दे रहे हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन लोगों को शांत कराने और यातायात बहाल करने की कोशिश में लगे हुए हैं। वहीं, पूरे मामले में जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।