Murder in Prabhat Pheri : रणजीत हनुमान की प्रभात फेरी में चाकू चले, एक की मौत!  

1492

Murder in Prabhat Pheri : रणजीत हनुमान की प्रभात फेरी में चाकू चले, एक की मौत!  

 

धक्का-मुक्की के बाद विवाद, पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ा!

 

Indore : आज सुबह शहर के पश्चिमी इलाके के प्रसिद्ध रणजीत हनुमान मंदिर की प्रभात फेरी में शामिल हुए एक युवक की हत्या हो गई। जबकि, एक युवक घायल हो गया। अन्नपूर्णा क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई थी। घटना के बाद भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में है। बताया गया कि प्रभात फेरी के दौरान धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हुआ था। घटना में एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह आपसी रंजिश का मामला तो नहीं है।

पुलिस के अनुसार गोमा की फेल का युवक शुभम रघुवंशी (25 साल) अपने दोस्त उसका साथी कृष्णा प्रजापति (29) के साथ सुबह 5 बजे रणजीत हनुमान की प्रभात फेरी में शामिल होने गया था। सुबह 7 बजे जब प्रभातफेरी महू नाका पहुंची, तो वहां भारी भीड़ हो गई। इस दौरान शुभम को धक्का लगा। उसने इसका विरोध किया तो धक्का मारने वाले युवकों के साथ उसका विवाद हुआ। बताते हैं कि एक युवक ने उसके गले में चाकू मार दिया।

IMG 20240104 WA0033

शुभम के दोस्त उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मौके पर ही पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। उसके साथ अन्य युवक भी घटना में शामिल थे या नहीं। इसका पता पुलिस लगा रही है। मृतक शुभम मालवा मिल क्षेत्र में बिरयानी का ठेला लगाता था। परिवार में माता-पिता के अलावा उसका एक छोटा भाई है।

हत्या से नाराज बजरंग दल कार्यकर्ता पुलिस मुख्यालय पहुंचे। बजरंगी एकत्रित होकर अस्पताल भी पहुंचे थे। प्रवीण दरेकर और उनकी टीम भी पहुंच गई थी। नाराज बजरंगी आज इस घटना के खिलाफ पलासिया पुलिस मुख्यालय पहुंच गए थे।बजरंगी कह रहे थे तत्काल कार्रवाई नहीं होगी तो हम धरना-प्रदर्शन भी करेंगे।