न बीमा, न फिटनेस,पीयूसी, परमिट भी नहीं, टैक्स चुकाए बिना दौड़ रहे थे 1326 वाहन – परिवहन विभाग ने वसूले 2 करोड़ रुपए 

175

 न बीमा, न फिटनेस,पीयूसी, परमिट भी नहीं, टैक्स चुकाए बिना दौड़ रहे थे 1326 वाहन – परिवहन विभाग ने वसूले 2 करोड़ रुपए 

 

भोपाल:  प्रदेशभर में बिना बीमा कराए, बिना फिटनेस और बिना पीयूसी कराए, बिना परमिट लिए और परिवहन विभाग को टैक्स चुकाए बिना 1 हजार 326 वाहन सड़कों पर दौड़ रहे थे। इनके साथ ही कुल 21 हजार 78 वाहन चालक यातायात नियमों को धता बताते हुए प्रदेश की सड़कों पर दौड़ रहे थे। परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान में इन सबको रंगे हाथों पकड़ा गया और इनसे जुर्माने के रुप में दो करोड़ 9 लाख 56 हजार 787 रुपए की वसूली की गई।

परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग ने पुलिस और प्रशासन के सहयोग से प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ 22 सितंबर से पंद्रह दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया था। यह अभियान समाप्त हो गया है। इस अभियान के दौरान विभाग को आशातीत सफलता मिली है। इस पूरे अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 हजार 787 लोगों के चालान बनाए गए और उनसे जुर्माने के रुप में दो करोड़ 9 लाख 56 हजार 787 रुपए की वसूली की गई। इस तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

इस अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने 288 ऐसे वाहनोें को पकड़ा जो बिना टैक्स चुकाए प्रदेशभर में दौड़ रहे थे। इन वाहनों से 66 लाख 15 हजार 520 रुपए के टैक्स और जुर्माने की वसूली की गई है। अभियान के दौरान 102 बसें भी पकड़ी गई है जो बिना टैक्स चुकाए चल रही थी। इनसे 39 लाख 5 हजार 398 रुपए का शुल्क वसूला गया है।

 

सड़क दुर्घटना में घायल और मृतकों को क्षतिपूर्ति के लिए बीमा अनिवार्य होता है लेकिन अभियान के दौरान 216 ऐसे वाहन भी पकड़े गए जिनका बीमा खत्म हो गया था और वे सड़कों पर बिना बीमा के दौड़ रहे थे। इनसे 3 लाख 84 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया है।

पुराने वाहनों का संचालन करने के लिए फिटनेस कराना जरुरी होता है लेकिन बिना फिटनेस कराए 212 वाहन सड़कों पर दौड़ रहे थे। ऐसे वाहनों से 7 लाख 29 हजार रुपए के जुर्माने की वसूली की गई है।

प्रदूषण फैला रहे और बिना पीयूसी प्रमाणपत्र लिए 184 वाहन संचालित होते मिले जिन पर 4 लाख 60 हजार रुपए की पैनाल्टी लगाई गई है।

वीएलटीडी याने पैनिक बटन लगाए बिना चल रहे 246 मामलों में वाहन स्वामियों से 1 लाख 82 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। एसएलडी याने स्पीड लिमिट डिवाइस से छेड़छाड़ के 116 मामलों में 9 हजार 2 रुपए का जुर्माना वसूला गया है। बड़े और छोटे चारपहिया वाहनों में मानक मापदंडों वाले अग्निशमन यंत्रों को वाहनों में नहीं रखने पर 496 वाहनों पर 3 लाख 33 हजार रुपए की पैनाल्टी लगाई गई है। बिना फर्स्ट एड किट बसों और ट्रकों में रखे चल रहे 315 वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही करते हुए उनसे 3 लाख 53 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया है।

रेट्रो रिफलेक्टेड टेप लगाए बिना चल रहे वाहनों से भी दुर्घटनाएं बढ़ रही है ऐसे 320 वाहनों को पकड़ा गया और उनके खिलाफ कार्यवाही कर उनसे 3 लाख 53 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

बिना परमिट दौड़ रही बसें, स्कूल बसों में मिली अनियमितता-

बिना परमिट और एआईटीपी परमिट के दौड़ रही 304 बसों को अभियान के दौरान पकड़कर उनसे तीस लाख 95 हजार 804 रुपए की वसूली की गई है। तेज रफ्तार से दोड़ते वाहन भी सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है ऐसे 230 वाहन पकड़ में आए और इनसे 4 लाख 6 हजार 200 रुपए का जुर्माना वसूला गया। ओवर लोडिंग के 134 वाहनों पर कार्यवाही कर 11 लाख 4 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। ज्यादा सवारी बिठाकर चल रहे 366 बसों और अन्य वाहनों पर कार्यवाही कर उनसे 6 लाख 63 हजार 400 रुपए का जुर्माना वसूला गया है।

स्कूल बसों में यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का जमकर उल्लंघन किय जा रहा है। ऐसी 1 हजार 622 बसों पर कार्यवाही कर उनसे 21 लाख 33 हजार 840 रुपए का जुर्माना वसूला गया है।

बिना हेलमेट के वाहन चला रहे 636 वाहन स्वामियों पर कार्यवाही कर उनसे 1 लाख 3 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

बॉडी वार्न कैमरों का प्रयोग कर फील्ड में की जा रही कार्यवाही पर मुख्यालय स्तर से भी नजर रखी गई।