Voting Begins For 4 Posts : गांव की सरकार के लिए आज का दिन ख़ास

331 पंचायतों में सरपंच-पंच पदों के लिए मतदान, 16 में सरपंच निर्विरोध

446
Voting Begins For 4 Posts : गांव की सरकार के लिए आज का दिन ख़ास

Indore : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आज शनिवार 25 जून का दिन महत्वपूर्ण है। इस दिन जनपद और जिला पंचायत के प्रतिनिधियों के लिए मतदान होगा। प्रशासनिक तैयारियों के तहत शुक्रवार शाम तक मतदान केंद्रों पर मतदान दल पहुंच गए हैं। शनिवार को ग्राम पंचायत में सरपंच और पंच, जनपद और जिला पंचायत में सदस्यों के लिए मतदान होगा।

जिले की 331 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान है। इनमें से 16 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध रूप से सरपंच चुन लिए गए। जबकि, एक पंचायत में कोई नामांकन-पत्र नहीं आया, इसलिए यह पंचायत अभी खाली है। इस तरह 314 पंचायतों में सरपंच चुनने के लिए मतदान किया जा रहा है। इसके अलावा 4555 पंच पदों में से 1438 पदों के लिए मतदान हो रहा है। बाकी बची 3117 पदों पर एकल नामांकन-पत्र आने से वे निर्विरोध चुन लिए जाएंगे। जिले की चार जनपद पंचायतों के 100 सदस्य पदों में से सांवेर जनपद पंचायत में दो सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं, इसलिए 98 पदों के लिए मतदान हो रहा है।

जिला पंचायत सदस्य की 17 सीटों में से सभी पर मतदान होगा। इसमें दो या इससे अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 1217 मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर चुनाव कराने के लिए 6 हजार से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। इसमें मतदान दल के कर्मचारियों के अलावा सेक्टर अधिकारी, पुलिस और मतदान सामग्री वितरित करने में लगे कर्मचारी भी शामिल हैं।

अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त बल की व्यवस्था की गई है। वर्षा को देखते हुए मतदान सामग्री को पॉलीथिन में अच्छी तरह पैक करके दिया जा रहा है, ताकि सामग्री खराब न हो। दोपहर को मतदान कराने वाले दल बसों के द्वारा अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए सामग्री के साथ रवाना हो गए थे।