Oppression of Wives : पति और ससुराल के जुल्म का शिकार महिलाओं की शिकायत पर कार्रवाई 

दहेज़ प्रताड़ना, शराब पीने से रोकने के मामलों पर मारपीट की घटनाएं 

472

Oppression of Wives : पति और ससुराल के जुल्म का शिकार महिलाओं की शिकायत पर कार्रवाई 

Indore : भले ही इंदौर आबादी और आकार में बड़ा हो गया, पर अभी भी यहां महिलाओं पर जुल्म और ज्यादती की घटनाओं में कमी नहीं आई। शराबी पतियों द्वारा मारपीट, दहेज़ के लिए ससुराल की प्रताड़ना और पुरुष होने का अहम् हमेशा ही महिलाओं पर ज्यादती का कारण बनता है। लेकिन, बमुश्किल कुछ महिलाएं अपनी व्यथा लेकर पुलिस तक पहुंचती है। बीते कुछ दिनों में ऐसी ही शिकायतों पर पुलिस ने कार्रवाई की।

IMG 20230107 WA0030

कृष्णबाग कॉलोनी में 4 महीने पहले हुई एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। एक महिला की शिकायत पर पति, सास और ससुर पर दहेज़ प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया। एक शराबी को पत्नी ने पीने से रोका तो उसे चाकू मार दिया।

21 अगस्त 2022 को विजय नगर थाना क्षेत्र की कृष्णबाग कॉलोनी में रहने वाली ताहिरा बी (48) को घरेलू झगड़े के चलते पति अंसार अहमद द्वारा धक्के देकर घर से निकालते हुए डंडे से हमला किया गया। डंडे से सिर पर चोट लगने से महिला घायल हो गई, जिसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, 25 अगस्त की रात इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। जांच के बाद अब इस मामले में पुलिस ने पति अंसार के खिलाफ धारा 304 गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।

पत्नी को घर से निकाल दिया 

एक महिला को संतान नहीं होने पर पति, सास और ससुर ने प्रताड़ित करके घर से निकाल दिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज किया। भावना पगारे (30 साल) निवासी सूर्यदेव नगर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी एक साल पहले विकास पगारे से हुई। शादी के 2 महीने बाद पति और सास रुक्मणी पगारे ससुर हुकमचंद पगारे ने उसे मायके से दहेज नहीं लाने की बात को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। सभी ने उसे मानसिक प्रताड़ना देते हुए कहा कि तुझ से संतान नहीं हो रही है, इसी के चलते हुए उसे घर से निकाल दिया। द्वारकापुरी पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

दहेज़ प्रताड़ना का मामला

इसी प्रकार फरियादी सपना (30 साल) लवकुश विहार कॉलोनी की शिकायत पर महिला पुलिस ने पति हार्दिक निवासी बांसवाड़ा राजस्थान और विनीता नीमा निवासी उज्जैन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। उधर, काजी की चाल में रहने वाली 24 साल की प्रीति वर्मा की रिपोर्ट पर पति रोहित वर्मा और सास लक्ष्मी वर्मा के खिलाफ भी दहेज प्रताड़ना की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।

गाली देने रोका तो चाकू मारा 

कटकटपुरा में पति की शराब पीने की आदत से परेशान होकर पत्नी मायके आ गई। लेकिन, पति वहां उसे लेने पहुंच गया और गालियां देने लगा। पत्नी ने विरोध किया तो पति ने उसके गाल पर चाकू मार दिया। घटना चंदन नगर थाना क्षेत्र के केशव नगर की है। यहां रुखसार अपने मायके में रह रही है। उसका पति शराब पीकर विवाद करता है इसलिए रुखसार उसे छोड़कर आ गई थी। पति मंसूर निवासी कटकटपुरा उसे वापस घर ले जाने पहुंचा तो महिला ने कहा कि पहले शराब पीना छोड़ दे। इस पर वह गालियां देने लगा। गाली देने से मना करने पर मंसूर ने चाकू से पत्नी के गाल पर वार कर दिया। लहूलुहान हालात में पत्नी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई।

पत्नी को धमकाया

नीतू छाबड़ा (30 साल) सिलिकॉन सिटी की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति हरजीत सिंह छाबड़ा बंगाली चौराहा के खिलाफ धमकाने की धारा 506 और 507 का प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी नीतू छाबड़ा ने पुलिस को बताया कि पति ने उसे मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दी।