WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Panna News: रुंझ नदी में डैम से निकली मिट्टी में हीरे मिलने की जनचर्चा, हीरे ढूंढने लगा मेला

हजारों मजदूरों ने डाला डेरा, पन्ना, छतरपुर, रीवा और उप्र से भी आ रहे सैकड़ो लोग

2092

पन्ना: हीरों के लिए विश्वविख्यात मप्र के पन्ना जिले की रुंझ नदी में इन दिनों हीरा तलाशने वालाें का मेला लगा हुआ है। यहां अवैध रूप से हीरे की तलाश करने हजारों लोगों ने डेरा डाल रखा है। इनमें पन्ना जिले के साथ-साथ ही छतरपुर, सतना, रीवा व उप्र के बांदा जिले से भी लोग आ रहे हैं। इसमें पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी हैं जो रुंझ में बन रहे डैम से निकली मिट्टी में हीरा ढूंढ रहे हैं।

बता दें कि जिले के अजयगढ़ जनपद में विश्रामगंज घाटी के नीचे रुंझ नदी में इन दिनों रुंझ डैम का निर्माण चल रहा है। जहां से भारी मात्रा में मिट्टी खोदी गई है। जन चर्चा में बताया गया है कि हीरा मिलने वाली चाल भी बड़ी मात्रा निकली है।
यही वजह है कि यहां पर अपनी किस्मत आजमाने हजारों की संख्या में मजदूर पहुंच रहे हैं। वे मिट्टी में हीरे की तलाश कर रहे हैं। सुबह से शाम तक नदी किनारे मेला सा लगा रहता है। ये लोग मिट्टी से हीरे को ढूढने करने के लिए अपने साथ तसला, छलनी सहित अन्य उपकरण लिए रहते हैं। डैम की मिट्‌टी को नदी के पानी में धो कर उसमें हीरे की तलाश करते रहते हैं। यह प्रकिया करीब एक सप्ताह से जारी है।

वहीं ​उत्तरवन वन मंडल के विश्रामगंज रेंज की टीम द्वारा कार्यवाही भी की जा रही है वन अमले को देखकर नदी में हीरा तलाश कर रहे लोगों में भगदड़ मच जाती है। विगत दिनों वन विभाग के अमले ने मौके से 30 लोगों को पकड़ लिया। इनसे 12 बाइक बरामद की।

विश्रामगंज के रेंजर जेपी मिश्रा ने बताया कि जब्त बाइक डिवीजन कार्यालय में रखवाई हैं और यहां हीरा मिलने की अफवाह सुनकर पन्ना जिले सहित छतरपुर, सतना, रीवा एवं उप्र के मजदूर आ रहे हैं। जो वन संपदा को नुकसान भी पहुचा रहे हैं। इसलिए हमारे द्वारा इन्हें हटाने की कार्यवाही की जा रही है।

वहीं रुंझ नदी में अवैध रूप से हीरा खाेदने की जानकारी लगते ही हीरा व्यापारियों के दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। वे नदी किनारे हीरा तलाशने में लगे लोगाें पर नजर रख रहे हैं। हीरा मिलने पर ये लोग व्यापारियों से डीलिंग कराते हैं। दोनों ओर से अपना कमीशन लेते हैं।

लोगों का दावा है कि कुछ को यहां से बड़े बड़े हीरे मिले है। हालांकि अभी किसी को हीरा मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पन्ना की रत्नगर्भा धरती किसी को भी मालामाल कर देती है। यहां पहले भी लोगों काे खदानों के अलावा जंगल में हीरे मिलते रहे हैं।

खनिज अधिकारी का कहना है कि मामले की जानकारी लगी है। टीम बना कर कार्यवाही की जाएगी।