
Passenger Recovers lost Mobile : ऑन ड्यूटी चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से यात्री को मिला खोया हुआ मोबाइल!
Ratlam : पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल पर कार्यरत चेकिंग स्टाफ न केवल अपनी टिकट जांच संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहें हैं, बल्कि यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के प्रति भी निरंतर सजग रहते हैं। यात्रा के दौरान यात्रियों के छूटे हुए सामान को सुरक्षित वापस दिलाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में भी चेकिंग स्टाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
15 जून 2026 को गाड़ी संख्या 04726 खड़की–हिसार स्पेशल ट्रेन में ड्यूटी पर कार्यरत टीटीई विनोद कुमार ने एक सराहनीय कार्य किया। ट्रेन के एचए-1 कोच के ‘ए’ कूपे में सीट क्रमांक 1, 2 एवं 3 पर खड़की से वडोदरा तक यात्रा कर रहें एक यात्री अपना मोबाइल भूलवश ट्रेन में ही छोड़कर चले गए थे।
वडोदरा स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए एक यात्री द्वारा इस संबंध में ऑन ड्यूटी चेकिंग स्टाफ को सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होते ही टीटीई विनोद कुमार ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए वाणिज्य नियंत्रण कार्यालय, रतलाम को इसकी जानकारी दी तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
इसके पश्चात मोबाइल को विधिवत मेमो के साथ गोधरा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द किया गया। संबंधित यात्री द्वारा संपर्क किए जाने पर उन्हें मोबाइल की सुरक्षित बरामदगी एवं गोधरा आरपीएफ पोस्ट से प्राप्त करने की जानकारी दी गई। बाद में मोबाइल फोन यात्री के अधिकृत परिचित को सुपुर्द कर दिया गया।
यात्री ने अपने खोए हुए मोबाइल की सुरक्षित वापसी पर पश्चिम रेलवे के चेकिंग स्टाफ एवं रेलवे सुरक्षा बल का आभार व्यक्त किया। यह घटना यात्रियों के प्रति रेलवे कर्मचारियों की संवेदनशीलता, तत्परता एवं उत्कृष्ट सेवा भावना का एक और उदाहरण हैं!





