Pink Counting: मंदसौर के चुनावी इतिहास में पहली बार महिलाओं द्वारा होगी मतगणना

नवाचार और महिला सशक्तिकरण की अभिनव पहल,पिंक पोलिंग के बाद अब पिंक काउंटिंग!

Mandsaur News – पिंक पोलिंग के बाद अब पिंक काउंटिंग – –
जिले के चुनावी इतिहास में पहली बार महिलाओं द्वारा होगी मतगणना

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की ख़ास ख़बर

मंदसौर। जिले के विधानसभा चुनाव इतिहास में पहली बार होगा जब जिले की ही महिला अधिकारी-कर्मचारी मिलकर आगामी 3 दिसंबर को मतगणना करेंगी।

इस नवाचार और महिला सशक्तिकरण की अभिनव पहल के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव विशेष सक्रिय हैं और सजगता से तैयारी भी करा रहे हैं।

मालूम हो कि इस बार 17 नवम्बर को हुए मतदान में जिले की चारों विधानसभा सीटों पर रेकॉर्ड 83 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई है।

मल्हारगढ़ विधानसभा में तो 87 प्रतिशत से अधिक मत डाले गए।

जिले के कचनारा में 97 लाऊखेड़ी, निपानिया, तरावली में 96 और बादाखेड़ी, आमली , माल्याखेड़ी आदि ग्रामीण मतदान केंद्रों पर 95 प्रतिशत मतदान हुआ।

2018 की तुलना में लगभग 3 प्रतिशत अधिक मतदान दर्ज़ हुआ है।

इसके पीछे सामुहिक प्रयास के साथ मतदाता जागरूकता अभियान, स्वीप प्लान नवाचारों, भागीदारी गतिविधियों की अहम भूमिका रही।

जिले के 1133 मतदान केन्द्र में विशेष रूप से मंदसौर, मल्हारगढ़, सुवासरा-सीतामऊ, गरोठ-भानपुरा क्षेत्रों में 40 आदर्श मतदान केन्द्र बनाये गए। प्राथमिक सुविधाओं के साथ इन “पिंक पोलिंग सेंटर्स” पर महिलाओं द्वारा संचालन से विशेष आकर्षण रहा। 112 वर्ष की बुजुर्ग महिला के अलावा 18 वर्ष के युवाओं द्वारा भी उत्साह से मतदान किया गया।

पिंक पोलिंग से मिले अच्छे प्रतिसाद से उत्साहित होकर जिला निर्वाचन कार्यालय ने “पिंक काउंटिंग” को मिशन बनाने की पहल की है।

जिले में 10 लाख 33 हजार से अधिक मतदाताओं में से लगभग 8 लाख 60 हजार मत डाले गए हैं। इनमें 4 लाख 14 हजार महिला मतदाता शामिल हैं जो परिणामों में निर्णायक रहेंगी। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भी अहम भूमिका रहने वाली है।

यह सही है कि प्रमुख राजनीतिक दलों भाजपा और कांग्रेस, बसपा ने किसी महिला को प्रत्याशी नहीं बनाया है पर महिला वोटों की आस जीत के साथ सभी कर रहे हैं।

अब तीन दिसंबर को मतगणना में महिला अधिकारी एवं कर्मचारी ही गणना पर्यवेक्षक, माइक्रो ऑब्ज़र्वर, डाक मतपत्र गणना सहायक, गणना सहायक होंगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री यादव ने इस प्रतिनिधि को बताया कि मतगणना में लगभग 300 महिला कर्मियों की सूचियां बनाकर दायित्व भी सौंपे गए हैं।

IMG 20231126 WA0045 1

इन महिलाओं को प्रथम मतगणना प्रशिक्षण भी दिया गया है। अभी दो प्रशिक्षण सत्र निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार ओर कराए जाएंगे।

निष्पक्षता, पारदर्शिता के साथ मतगणना प्रक्रिया भी सम्पन्न होगी।

कलेक्टर श्री यादव कहते हैं मतदान और चुनावी प्रक्रिया दौरान सभी पक्षों का सकारात्मक सहयोग रहा। शांतिपूर्ण और रेकॉर्ड मतदान हुआ।

अब मतगणना में महिलाओं की प्रमुख भागीदारी रहेगी। काउंटिंग टेबलों, गणना के साथ रिजल्ट तैयार करने में भी महिला कर्मी होंगी। आपने बताया कि प्रशासन, निर्वाचन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ लगातार मीटिंग और प्लान कर “पिंक काउंटिंग” को मूर्त रूप दे रहे हैं।

एडीशनल कलेक्टर एवं उप निर्वाचन अधिकारी विशालसिंह चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी सीएस सोलंकी के मुताबिक जिले विभागों से समन्वय करते हुए जिला पंचायत, जनपद पंचायत, कोषालय, लोक निर्माण विभाग, उद्यानिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, शिक्षा, कृषि, महिला बाल विकास, सहकारिता, पुलिस के अलावा बैंकिंग, जीवन बीमा निगम आदि सेक्टर्स की महिलाओं को मतगणना से जोड़ा गया है।

मतगणना के लिए नियुक्त गणना सहायक, गणना पर्यवेक्षक को कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में श्री जेके जैन द्वारा प्रथम प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

मतगणना कार्य के लिए गणना सहायक, गणना पर्यवेक्षक, माइक्रो प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। वहीं डाक मतपत्र की गणना के लिए माइक्रो प्रेक्षक, गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक नियुक्त किए गए हैं।

विधानसभा क्षेत्र की मतगणना का कार्य राउंड बाय राउंड होगा। प्रातःकाल से ही 22 राउंड की मतगणना और परिणाम आने तक की व्यवस्था महिलाओं के जिम्मे रहेंगी।

प्रशिक्षण दौरान डॉ जेके जैन ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया के बारे में समझाया।

इस दौरान मन्दसौर, मल्हारगढ,सीतामऊ एवं गरोठ के रिटर्निंग ऑफिसर अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रशिक्षण के अभी दो सत्र ओर प्रस्तावित हैं। महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों में भी इस अहम दायित्व में भागीदारी मिलने से ख़ासा उत्साह है। जिले की अन्य महिला संगठनों ने इसे सामयिक पहल निरूपित किया है।

WhatsApp Image 2023 11 26 at 17.41.17

जिला भाजपा अध्यक्ष श्री नानालाल अटोलिया ने इस संवाददाता से बातचीत में कलेक्टर के इस नवाचार की सराहना की और कहा कि यह प्रदेश और देश के लिए भी अच्छा उदाहरण होगा। मंदसौर जिला पिंक काउंटिंग माध्यम से मॉडल बनेगा और अन्य स्थानों पर इसका अनुकरण होगा।

WhatsApp Image 2023 11 26 at 17.52.24

जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं मंदसौर विधानसभा प्रत्याशी श्री विपिन जैन ने भी महिला अधिकारी कर्मचारी द्वारा मतगणना कराए जाने को अच्छा कदम बताया और कहा कि वे पहली बार मतगणना का हिस्सा होंगी अतः प्रशिक्षण अच्छा हो और निर्वाचन आयोग निर्देश पालन किया जाय।