

PM Excellence Award: सिविल सर्विस डे पर PM मोदी के हाथों सम्मानित हुई झाबुआ की कलेक्टर नेहा मीना
झाबुआ से राजेश जयंत
झाबुआ: सोमवार का दिन मध्य प्रदेश के साथ ही जनजातीय बहुल झाबुआ जिले के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि और गौरव का पल रहा।
17 वे सिविल सर्विस डे पर जनजातीय बहुल झाबुआ जिले की कलेक्टर नेहा मीना दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों “पीएम एक्सीलेंस अवार्ड” से सम्मानित हुई।
लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए किसी भी IAS अधिकारी को मिलने वाला यह सर्वोच्च सम्मान है।
मध्य प्रदेश से झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना के साथ ही बड़वानी के पूर्व कलेक्टर डॉ. फटिंग राहुल हरिदास भी इस अवार्ड से नवाजे गए।
जिलों में समग्र विकास, आकांक्षी ब्लाक कार्यक्रम, और नवाचार कार्यक्रमों को लेकर प्रधानमंत्री पुरस्कार की श्रेणियां निर्धारित की गई थी। इसके तहत झाबुआ जिले की कलेक्टर नेहा मीना का इस पुरस्कार के लिए चयन हुआ।
नेहा मीना पुरस्कार प्राप्त करने वाले टॉप फाइव अफसरों में शामिल हैं। इस पुरस्कार के लिए देश भर के 710 जिलों ने अपना नामांकन कराया था। जिसमें 16 अफसर पुरस्कार के लिए चयनित किए गए।
नेहा मीना ने झाबुआ में आकांक्षी ब्लाक कार्यक्रम के तहत चिन्हित सामाजिक, आर्थिक, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में सुधार को लेकर उत्कृष्ट कार्य किया। उनके इस उल्लेखनीय कार्य के चलते उन्हें प्रधानमंत्री पुरस्कार के लिए चुना गया।
कलेक्टर नेहा मीना ने कुपोषण से जंग लड़ने का नवाचार किया। पोषण आहार को बढ़ावा देकर कुपोषण को दूर करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र की अनुभवी महिलाओं को इस कुपोषण मुक्ति अभियान से जोड़ा। इन अनुभवी महिलाओं को मोटी आई (बड़ी बहन) नाम दिया। मोटी आई ने अपने अनुभव, क्षेत्रीय प्रभाव और पहचान के बलबूते कुपोषण से जंग लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अनूठी पहल के आशातीत सकारात्मक परिणाम सामने आए। 1950 में से 1130 बच्चों को कुपोषण से बाहर निकाला गया।
कलेक्टर नेहा मीना के इस नवाचार को लोक प्रशासन में उत्कृष्टता पुरस्कार 2024 के लिए चुना गया।
17 वे लोक सेवा दिवस पर दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना सहित 16 लोक सेवकों को ट्रॉफी, स्क्रॉल और 20-20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। राशि का उपयोग जनकल्याणकारी परियोजनाओं में किया जाएगा।
नेहा मीना मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं। नेहा 2014 बैच की मध्य प्रदेश कैडर की IAS अधिकारी हैं। अपने नवाचारों के लिए हमेशा चर्चित रही नेहा मीना उत्कृष्ट कार्यों के लिए पहले भी अनेक पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है।
बीते 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी 2025 को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नेहा मीना को ‘बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवॉर्ड’ से समानित किया था। नेहा को यह पुरस्कार लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाता जागरुकता अभियान के तहत शुभंकर चुनावी काका-काकी के साथ किए नवाचार के लिए दिया गया था।
नीमच में अपर कलेक्टर रहते हुए नेहा को 18 जुलाई 2023 को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘भूमि समान प्लैटिनम अवॉर्ड’ से समानित किया था।
नेहा मीना को केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के वेस्ट मैनेजमेंट अवॉर्ड 2020 से भी नवाजा जा चुका है।
*संभागायुक्त ने दी बधाई*
इंदौर संभागायुक्त दीपक सिंह ने दोनों झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना एवं बड़वानी के पूर्व कलेक्टर डॉ. फटिंग राहुल हरिदास को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि यह उपलब्धि न केवल बड़वानी और झाबुआ जिलों के लिए, बल्कि इंदौर संभाग और सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।