Polio Dose on Sunday : रविवार को पल्स पोलियो अभियान, सवा 5 लाख बच्चों को पोलियो डोज!

साढ़े 3 हजार टीकाकरण केंद्रों पर 8 हजार कर्मचारी तैनात रहेंगे!

334

Polio Dose on Sunday : रविवार को पल्स पोलियो अभियान, सवा 5 लाख बच्चों को पोलियो डोज!

Indore : रविवार 28 मई को जिले में पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस दिन 5 लाख 20 हजार 372 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले में 3531 टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों पर 8 हजार से अधिक कर्मचारी अधिकारी तैनात रहेंगे। जिले में अभियान की व्यापक तैयारियां जारी है।

इन्हीं तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी की अध्यक्षता में बैठक रखी गई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के अंतर्गत 5 साल की आयु तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहे। शत प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण हो। ऐसे बच्चे जो 28 मई को टीकाकरण केंद्र पर पोलियो निरोधक दवा पीने से वंचित होते हैं, उन्हें 29 एवं 30 मई को घर-घर जाकर पोलियो निरोधक दवा पिलाई जाए।

भारत में अभियान इसलिए चलाया जा रहा

बैठक में पल्स पोलियो अभियान की आवश्यकता तथा उसकी महत्ता के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि भारत में 2011 के बाद एक भी केस पोलियो का नहीं मिला और 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत को पोलियो मुक्त घोषित कर दिया है। लेकिन, भारत के पड़ोसी देश अफगानिस्तान एवं पाकिस्तान में अभी भी पोलियो के नए केस पाए जा रहे हैं। इसके साथ 2021 में मलावी तथा 2022 में मोजाम्बिक में पोलियो के केस सामने आए है। इसलिए भारत में सुरक्षात्मक कदम के तौर पर पल्स पोलियो अभियान भी चलाया जा रहा है।

इन लोगों को लक्ष्य बनाया गया

इस अभियान का मुख्यतः ध्यान माइग्रेटरी जनसंख्या, मलिन बस्ती, निर्माण क्षेत्रों, घुमंतू जनसंख्या पर रहेगा। इसके साथ-साथ ही ट्रांजेक्ट स्थानों रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर 24 घंटों के बूथ लगाए जाएंगे। इस अभियान के लिए मध्यप्रदेश में 16 जिलों का चयन किया गया है। ये वही जिले हैं, जिनकी सीमा अन्य राज्यों से मिलती हैं तथा जहां पर आवाजाही अधिक होती है। इसलिए सुरक्षात्मक तौर पर इन जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है। सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने 5 साल तक के बच्चों को टीकाकरण बूथ पर लाएं और पोलियो की खुराक पिलाएं।