Racial Attack in America : न्यूयार्क के अश्वेत इलाके में नस्लीय हमला, 10 मारे गए

हमलावर ने सुपर मार्केट में घुसकर अंधाधुंध गोलियां चलाई   

485

 

New York  : अश्वेत बहुल इलाके बफेलो के एक सुपर मार्केट में शनिवार को फायरिंग हुई, जिसमें अब तक 10 लोगों के मारे जाने की जानकारी है। इस घटना में 3 लोग घायल भी हुए। सुपर मार्केट का एक सिक्योरिटी गार्ड भी मारा गया। यह वारदात भारतीय समय के अनुसार रविवार रात करीब 12 बजे हुई। जिन 13 लोगों को गोली मारी गई है, उनमें से 11 अश्वेत हैं। पुलिस के अनुसार यह घटना ‘टॉप्स सुपर मार्केट’ (Top Supermarket) के ग्रॉसरी स्टोर में हुई।

हमलावर की पहचान 18 साल के पेटन एस गेंड्रोन के तौर पर हुई है। वह हमले के लिए मिलिट्री स्टाइल गियर्स के साथ सुपरमार्केट में घुसा था। उसने बुलेटप्रूफ जैकेट भी पहन रखा था। हमलावर ने अपने हेलमेट पर लगे कैमरे से हमले की लाइव स्ट्रीमिंग भी की। CCTV में देखा गया कि बंदूकधारी हमलावर सुपर मार्केट के सामने अपनी गाड़ी खड़ी करता है। वाली सीट पर राइफल रखा हुआ है। उसने पार्किंग से निकल रहे लोगों पर हमला कर दिया।                                                                IMG 20220515 WA0005

पुलिस को नस्लीय हमले की आशंका है। हमलावर को पकड़कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। उस पर फर्स्ट डिग्री मर्डर का चार्ज लगाया गया। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी जीन पियरे ने बताया कि राष्ट्रपति जो बाइडेन को फायरिंग और उसके बाद की जांच के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है। घटना के एक चश्मदीद के मुताबिक हमलावर की उम्र 18 से 20 साल होगी। वह एक श्वेत था और उसने मिलिट्री स्टाइल के कपड़े और काला हेलमेट पहना हुआ था। दो पुलिसकर्मियों ने उससे बात की और उसने राइफल फेंक कर सरेंडर कर दिया।

अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) शनिवार शाम से ही आरोपी से पूछताछ कर रही है। ऑफिसर्स को शक है कि यह शूटिंग नस्लीय तौर पर उकसावे से प्रेरित थी। FBI के बफेलो फील्ड ऑफिस के इंचार्ज स्टीफन बेलोंगिया ने कहा कि हम इस घटना की जांच हेट क्राइम और नस्लीय उकसावे से प्रेरित चरमपंथ के मामले के तौर कर रहे हैं।

बफेलो के पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, हमलावर ने पहले स्टोर के बाहर 4 लोगों को गोली मारी, जिनमें से 3 की मौत हो गई। स्टोर के अंदर एक सिक्योरिटी गार्ड ने हमलावर पर कई गोलियां चलाईं। लेकिन, बुलेट प्रूफ की वजह से हमलावर बच गया और उसने सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर दी। सिक्योरिटी गार्ड एक रिटायर पुलिसकर्मी था।