राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करना चाहिये

761

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करना चाहिये

अपने दो दशक के राजनीतिक जीवन में जमीनी सचाइयों से बेखबर राहुल गांधी यदि पांव-पांव चलकर भारत की यात्रा कर रहे हैं तो इसका स्वागत तो बनता है। लोकतंत्र की बेहतरी के लिये,मजबूत विपक्ष के लिये। भाषा-बोली,पहनावा,परंपरा,आबोहवा से लेकर तो विभिन्न राजनीतिक वर्चस्व के राज्यों वाले देश की कहां,कैसी तस्वीर है, तदबीर है, ये 24 अकबर रोड की चारदीवारी में बैठकर तो नहीं समझी जा सकती। यह बात राहुल गांधी की समझ में आई यह बड़ी बात है। भले ही वे ऐसा किसी चुनावी रणनीतिकार के सुझाव पर कर रहे हों, लेकिन अपनी जमीन को तलाशना और उसे मजबूती देने की मंशा भी रखना भी आपको कुछ देकर ही जाता है। भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस का भला हो न हो , लेकिन इस रास्ते पर चलकर राहुल का यदि कुछ भी भला हो सका तो यह भारतीय राजनीति के भी भले के लिये ही होगा।

IMG 20221123 WA0021

     इस तरह की यात्राओं का मकसद दिखाया कुछ और जाता है, किंतु होता कुछ और है। इसमें कुछ गलत नहीं। ऐसा तो है नहीं कि इससे पहले इस तरह की यात्रायें नहीं हुईं और राहुल सर्वथा पहली बार वैसा कर रहे हैं। स्वतंत्र भारत में राजनीतिक तौर पर चार प्रमुख यात्रायें हुईं। जनता पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष चंद्रशेखर ने 1983 में पहली प्रुमख यात्रा की, जो 6 जनवरी 1983 को कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई और मध्य जून में दिल्ली के राजघाट पर समाप्त की गई। करीब 4260 किलोमीटर के सफऱ् को भारत यात्रा नाम दिया गया। तब वे 56 वर्ष के थे। दूसरी यात्रा फिल्म कलाकार से राजनेता बने सुनील दत्त ने मुंबई से अमृतसर तक करीब 2 हजार कि.मी. की महाशांति यात्रा की, जो 30 अप्रैल 1987 को अमृतसर पहुंची थी। एक खालिस्तानी आतंकवादी द्वारा एक अपंग बालिका की निर्मम हत्या से उपजी पीड़ा से दत्त ने यह यात्रा की थी,तब वे 58 वर्ष के थे। तीसरी बहुचर्चिच यात्रा भाजपा अध्यक्ष रहते लालकृष्ण आडवाणी ने 25 सितंबर 1990 को सोमनाथ से प्रारंभ की, जो 30 अक्टूबर को करीब 10  हजार कि.मी. का सफर पूरा कर अयोध्या में पूरी होना थी, लेकिन इसे पटना में तत्कालीन मुख्यमंत्री लालूप्रसाद यादव ने रोककर आडवाणी को गिरफ्तार कर लिया था। इस रथ यात्रा ने भाजपा को लोकसभा में 303 सीट पर पहुंचा दिया है। यात्रा के वक्त वे 63 वर्ष के थे। राहुल अभी 52 वर्ष के हैं। याने चारों प्रमुख यात्रियों में आडवाणी सबसे उम्रदराज थे और राहुल सबसे कम उम्र के हैं। यह संयोग है कि सबसे अधिक उम्र वाले आडवाणी और कम उम्र वाले राहुल हमारे बीच है, जबकि चंद्रशेखर और सुनील दत्त नहीं हैं। बहरहाल।

    इन पूर्व यात्राओं का जिक्र इसलिये जरूरी है कि इससे राजनीतिक उद्देश्य स्पष्ट हो जाते हैं। ऐसे में राहुल गांधी की यात्रा को भारत जोड़ो के पवित्र भाव से देखना, न देखना तय किया जा सकता है। वैसे राजनीतिक लाभ भी अपवित्र उद्देश्य तो कतई नहीं है। अब सवाल यह है कि राहुल को इस समय ऐसा क्यों लगा या किसी ने अभी ही यह क्यों जंचाया ? 2023 में करीब आठ राज्यों में  विधानसभा चुनाव हैं और 2024 में लोकसभा चुनाव। भारतीय राजनीति के केंद्र से लगातार दूर होती जा रही कांग्रेस के लिये यह समय बेहद संकटपूर्ण हो चला है। और कांग्रेस का संकटकाल याने गांधी परिवार का । किसी बड़ी चुनावी सफलता से कोसो दूर हो चुके गांधी परिवार का जादूई असर क्षीण हो चला था। दल के नेतृत्व परिवर्तन की आवाज कभी दबे तौर पर तो कभी खुले् तौर पर उठती रहती थी। ऐसे में एक और गलत फैसला गांधी परिवार की रही-सही प्रतिष्ठा का मटियामेट कर सकता था। इसलिये कुछ ऐसे फैसले लेने आ‌वश्यक थे, जो दिखाई भी दे, प्रभावी भी हों और दल के भीतर तथा देश में भी यह संदेश जाये कि गांधी परिवार पद के पीछे नहीं हैं।

IMG 20221123 WA0002

     ऐसे नाजुक समय में गांधी परिवार ने पहला हिम्मत भरा फैसला तो यह लिया कि वे अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे और इस पर टिके रहे। अब मल्लिकाजुर्न खरगे कितने नाम को हैं,कितने काम के, यह कांग्रेस जाने। दिग्विजय सिंह अध्यक्ष होते तो शायद खोल से बाहर निकलकर काम करने की संभावना बनी रहती। गैर गांधी के अध्यक्ष होने से गांधी परिवार को सीधा और बड़ा फायदा यह है कि 2023 और 2024 के चुनाव परिणामों में अपेक्षित सफलता न मिलने का ठीकरा उन पर नहीं फूटेगा। इसके विपरीत यदि कुछ भी लाभ-शुभ होता है तो उसका श्रेय भारत जोड़ो यात्रा को दिया जा सकता है। दूसरा सही फैसला भारत जोड़ो यात्रा का रहा। इसके अनेक सीधे और अप्रत्यक्ष फायदे हैं। चूंकि संगठन में राहुल क् पास कोई जिम्मेदारी ही नहीं है तो वहां क्या हो रहा है, यह देखने और सुनने से बच गये। कोई यह नहीं कह सकता कि गांधी परिवार का हस्तक्षेप बरकरार है। दूसरा, फालतू बैठने से तो कुछ होना-जाना भी नहीं था। ऐसे में कहीं से भी आया यह विचार स्वर्णिम अवसर था अपने को परिमार्जित करने का और अपने देश को देखने-समझने का।

     लोकतंत्र की बेहतरी इसमें है कि मजबूत और जिम्मेदार विपक्ष मौजूद रहे। कांग्रेस आज भी गांधी परिवार के बिना आगे बढ़ने को तैयार नहीं है। सोनिया गांधी अपनी उम्र,मूल विदेशी होने और लगातार अस्वस्थ रहने से सक्रिय सहभाग करने की स्थिति में नहीं है। प्रियंका के वाड्रा हो जाने से उन के दल में ही सर्वमान्य स्वीकार्य नहीं हैं। राहुल के बारे में उनके नजदीकी ही बताते हैं कि वे राजनीतिक तिकड़म नहीं जानते और न ही भारत के मूल चरित्र,इसके सरोकारो से उतने अवगत हैं। ऐसे में उनकी भारत जोड़ो यात्रा उन्हें अपने देश,यहां के लोगों के बारे में औसत जानकारी से तो परिचित करायेगी ही ,ऐसी आशा की जा रही है।

     दूसरा यह है कि कांग्रेस में लंबे समय से किसी ने सड़क नहीं नापी थी। दिग्विजय सिंह ने नर्मदा परिक्रमा की,उसके मकसद भी साधे ही, लेकिन वह सीमित दायरे में रही। ऐसे में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और उम्मीद का संचार किया है। कांग्रेसी कार्यकर्ता उत्सव,आंदोलन प्रिय है। प्रदर्शन और जिंदाबाद,मुर्दाबाद में माहिर हैं। उसकी इस उर्जा को सही दिशा देने में जो,जब भी कामयाब होगा, वह कांग्रेस को कल्याण की दिशा में ले जायेगा। राहुल की यात्रा यह  कार्य कर सकती है, बशर्ते वे इसके निष्कर्ष को समझ पायें और आगे उस तरह के लगातार कार्यक्रम और प्रकल्प कार्यकर्ताओं को सुपुर्द करते जायें, जो उन्हें सक्रिय रख सके तो।

     राहुल गांधी यदि इस  यात्रा से देश की नब्ज को पहचान पाये तो वे अपनी राजनीतिक यात्रा भी सुगम बना सकेंगे। हालांकि अभी उनकी संसदीय सक्रियता और चेतना का परिपक्व होना शेष है। अब सबसे प्रमुख बात। इस यात्रा के बहाने कांग्रेस खास तौर से 2024 के लोकसभा चुनाव की वैतरणी पार करना चाहती है। उसे ऐसा सोचने का अधिकार भी है, लेकिन उसे इस सच से राहुल को अवगत कराना चाहिये कि जिस तरह से मदारी के तमाशे में राह चलते लोग रुक जाते हैं, ,वैसा ही काफी कुछ इस तरह की राजनीतिक यात्राओं में भी होता है। वे लोगों के उमड़ने को वोटों में परिवर्तित कर देखेंगे तो झूठे सपने ही देखेंगे। हां, एक पुराने राजनीतिक राजघऱाने के चिराग को देश की पैदल खाक छानने के प्रति सहानुभूति जरूर मिल सकती है। उस सहानुभूति को समर्थन में बदलना राहुल और कांग्रेस के लिये बड़ी चुनौती है और अवसर भी। 2024 के आम चुनाव में तो कांग्रेस या संयुक्त विपक्ष के लिये सत्ता पाना का मुश्किल का मैदान है, लेकिन कांग्रेस से कोई गठबंधन सलीके से पेश आ सके,उसमें यह यात्रा मददगार हो सकती है। न सही 2024, 2029 तो है ही।

Author profile
thumb 31991 200 200 0 0 crop
रमण रावल

 

संपादक - वीकेंड पोस्ट

स्थानीय संपादक - पीपुल्स समाचार,इंदौर                               

संपादक - चौथासंसार, इंदौर

प्रधान संपादक - भास्कर टीवी(बीटीवी), इंदौर

शहर संपादक - नईदुनिया, इंदौर

समाचार संपादक - दैनिक भास्कर, इंदौर

कार्यकारी संपादक  - चौथा संसार, इंदौर

उप संपादक - नवभारत, इंदौर

साहित्य संपादक - चौथासंसार, इंदौर                                                             

समाचार संपादक - प्रभातकिरण, इंदौर      

                                                 

1979 से 1981 तक साप्ताहिक अखबार युग प्रभात,स्पूतनिक और दैनिक अखबार इंदौर समाचार में उप संपादक और नगर प्रतिनिधि के दायित्व का निर्वाह किया ।

शिक्षा - वाणिज्य स्नातक (1976), विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन

उल्लेखनीय-

० 1990 में  दैनिक नवभारत के लिये इंदौर के 50 से अधिक उद्योगपतियों , कारोबारियों से साक्षात्कार लेकर उनके उत्थान की दास्तान का प्रकाशन । इंदौर के इतिहास में पहली बार कॉर्पोरेट प्रोफाइल दिया गया।

० अनेक विख्यात हस्तियों का साक्षात्कार-बाबा आमटे,अटल बिहारी वाजपेयी,चंद्रशेखर,चौधरी चरणसिंह,संत लोंगोवाल,हरिवंश राय बच्चन,गुलाम अली,श्रीराम लागू,सदाशिवराव अमरापुरकर,सुनील दत्त,जगदगुरु शंकाराचार्य,दिग्विजयसिंह,कैलाश जोशी,वीरेंद्र कुमार सखलेचा,सुब्रमण्यम स्वामी, लोकमान्य टिळक के प्रपोत्र दीपक टिळक।

० 1984 के आम चुनाव का कवरेज करने उ.प्र. का दौरा,जहां अमेठी,रायबरेली,इलाहाबाद के राजनीतिक समीकरण का जायजा लिया।

० अमिताभ बच्चन से साक्षात्कार, 1985।

० 2011 से नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना वाले अनेक लेखों का विभिन्न अखबारों में प्रकाशन, जिसके संकलन की किताब मोदी युग का विमोचन जुलाई 2014 में किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को भी किताब भेंट की गयी। 2019 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के एक माह के भीतर किताब युग-युग मोदी का प्रकाशन 23 जून 2019 को।

सम्मान- मध्यप्रदेश शासन के जनसंपर्क विभाग द्वारा स्थापित राहुल बारपुते आंचलिक पत्रकारिता सम्मान-2016 से सम्मानित।

विशेष-  भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा 18 से 20 अगस्त तक मॉरीशस में आयोजित 11वें विश्व हिंदी सम्मेलन में सरकारी प्रतिनिधिमंडल में बतौर सदस्य शरीक।

मनोनयन- म.प्र. शासन के जनसंपर्क विभाग की राज्य स्तरीय पत्रकार अधिमान्यता समिति के दो बार सदस्य मनोनीत।

किताबें-इंदौर के सितारे(2014),इंदौर के सितारे भाग-2(2015),इंदौर के सितारे भाग 3(2018), मोदी युग(2014), अंगदान(2016) , युग-युग मोदी(2019) सहित 8 किताबें प्रकाशित ।

भाषा-हिंदी,मराठी,गुजराती,सामान्य अंग्रेजी।

रुचि-मानवीय,सामाजिक,राजनीतिक मुद्दों पर लेखन,साक्षात्कार ।

संप्रति- 2014 से बतौर स्वतंत्र पत्रकार भास्कर, नईदुनिया,प्रभातकिरण,अग्निबाण, चौथा संसार,दबंग दुनिया,पीपुल्स समाचार,आचरण , लोकमत समाचार , राज एक्सप्रेस, वेबदुनिया , मीडियावाला डॉट इन  आदि में लेखन।