Rahul in Cambridge : राहुल गांधी ने कहा ‘मेरी जासूसी हुई, कोर्ट और मीडिया पर भी कब्जा!’

455

Rahul in Cambridge : राहुल गांधी ने कहा ‘मेरी जासूसी हुई, कोर्ट और मीडिया पर भी कब्जा!’

London : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ब्रिटेन के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में लेक्चर देने पहुंचे। यहां राहुल गांधी नए लुक में नजर आए। सात दिन की प्रवास पर ब्रिटेन पहुंचे राहुल ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में अपने भाषण से शुरुआत की। राहुल ने बिजनेस स्कूल के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हम एक ऐसी दुनिया को बनते हुए नहीं देख सकते, जो लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ी हुई न हो। इसलिए, इस बारे में हमें नई सोच की जरूरत है। उधर, राहुल के इस बयान पर बीजेपी भड़क गई। बीजेपी के मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल के बयान को झूठा और भारत को बदनाम करने वाला बताया।

राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर सवाल उठाए हैं। राहुल ने दावा किया है कि भारत में उनकी जासूसी होती है। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि देश में सरकार का मीडिया और न्यायपालिका पर नियंत्रण है। साथ ही उन्होंने ‘भारतीय लोकतंत्र पर हमले’ की बात कही।

कैम्ब्रिज जज बिजनेस स्कूल के विजिटिंग फेलो राहुल ने ‘Learning to Listen in the 21st Century’ विषय पर छात्रों से बात की। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र खतरे में है। हम लोकतंत्र को हमले से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर मीडिया और न्यायपालिका पर नियंत्रण के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बातचीत भी हमले का शिकार है। आप यहां संसद के बाहर ली गई तस्वीर को देख सकते हैं, जहां विपक्षी नेता मुद्दे को उठा रहे हैं और हमें बंद कर दिया गया और जेल में डाल दिया गया। यह तीन-चार बार हुआ और वह भी हिंसक तरीके से।’

साथ ही कांग्रेस नेता ने सरकार पर निगरानी, धमकाने के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में सरकार अल्पसंख्यकों, दलितों और आदिवासियों पर हमले करती हैं और असंतोष को दबा देती है। उन्होंने कहा कि आपने अल्पसंख्यकों पर हमलों, प्रेस पर हमलों के बारे में सुना होगा। तो आपको समझ आ रहा होगा कि क्या हो रहा है।

जासूसी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मेरे खुद के फोन में पेगासस था। बड़ी संख्या में राजनेताओं के फोन में पेगासस था। फोन पर बात करने के दौरान मुझे सावधान रहने के लिए कहा गया। बीते साल देश में स्पाइवेयर पेगासस का मुद्दा जमकर गर्माया हुआ था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचा और संसद में भी इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था।

राहुल के आरोपों पर बीजेपी भड़की 

राहुल गांधी कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए बयान पर बीजेपी भड़क गई। पार्टी के नेता अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को राहुल के बयान को झूठा और भारत को बदनाम करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि कल के चुनाव नतीजे दिखाते हैं, कि कांग्रेस का सूपड़ा एक बार फिर साफ हुआ। ये रोने-धोने का काम राहुल गांधी एक बार फिर विदेश की धरती पर कर रहे हैं।

पेगासस की जांच के लिए मोबाइल क्यों नहीं दिया

अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये पेगासस कहीं और नहीं उनके दिल और दिमाग में बैठा हुआ है। पेगासस पर क्या मजबूरी थी कि राहुल गांधी ने अपना मोबाइल जमा नहीं करवाया। वह नेता जो भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर है, ऐसा क्या था उनके मोबाइल में जो उनको अब तक छिपाना पड़ रहा है। उन्होंने और अन्य नेताओं ने अपना मोबाइल जमा क्यों नहीं करवाया।

खेल मंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि दुनियाभर में मोदी जी के नेतृत्व में भारत के प्रति जो सम्मान बढ़ा है, वह आज कोई और नहीं, दुनियाभर के नेता कह रहे। राहुलजी किसी और की नहीं, इटली की प्रधानमंत्री और उनके नेताओं की ही सुन लेते। इटली की PM ने कहा कि दुनियाभर में मोदी जी को जो प्यार मिलता है, जिस तरह वह दुनिया के लोकप्रिय नेता बन कर उभरे हैं। आज वह एक बड़े लीडर हैं। ये शायद राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी स्वीकार नहीं कर पा रही है।