
राज ठाकरे का फडणवीस सरकार पर हमला: ‘संवेदनहीन नेताओं पर कार्रवाई करें’, अमित साटम को लेकर उठाए सवाल
कीर्ति कापसे की रिपोर्ट
मुंबई: मुंबई में हाल की बारिश से हुई मौतों को लेकर राज ठाकरे ने महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में कुछ नेता आम लोगों की पीड़ा के प्रति असंवेदनशील हो गए हैं और ऐसे नेताओं पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
राज ठाकरे का यह बयान भाजपा मुंबई अध्यक्ष और विधायक अमित साटम के एक वायरल वीडियो को लेकर आया है। विपक्ष का आरोप है कि वीडियो में साटम मुंबई में बारिश से हुई मौतों का जिक्र होने के दौरान मुस्कुराते दिखाई दे रहे हैं, जिसे लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
राज ठाकरे ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस में संवेदनशीलता बची है, तो उन्हें ऐसे नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता का अहंकार जनता के दुख-दर्द से बड़ा नहीं हो सकता और सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।
इस मुद्दे पर विपक्ष के अन्य नेताओं ने भी सरकार को घेरा है और बारिश से हुई मौतों के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। वहीं, भाजपा की ओर से इस विवाद पर अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





