WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Ram Mandir Trust Invitation : राम मंदिर ट्रस्ट का न्योता मोदी ने स्वीकारा, 22 जनवरी को अयोध्या जाएंगे!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए जानकारी दी!

WhatsApp Image 2023 10 26 At 11.10.42

Ram Mandir Trust Invitation : राम मंदिर ट्रस्ट का न्योता मोदी ने स्वीकारा, 22 जनवरी को अयोध्या जाएंगे!

New Delhi : अगले साल 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में मौजूद रहकर भव्य राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों का इस तारीख न्योता स्वीकार कर लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए दी।

 

प्रधानमंत्री ने पोस्ट में लिखा ‘जय सियाराम! आज का दिन बहुत भावनाओं से भरा हुआ है। अभी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी मुझसे मेरे निवास स्थान पर मिलने आए थे। उन्होंने मुझे श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर अयोध्या आने के लिए निमंत्रित किया है। मैं खुद को बहुत धन्य महसूस कर रहा हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि अपने जीवनकाल में, मैं इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनूंगा।’

अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी 2024 को होना प्रस्तावित है। मंदिर निर्माण का काम बेहद तेज गति से चालू है। हाल ही में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या जाकर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की थी। उद्घाटन के साथ ही इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। माना जा रहा है कि मंदिर खुलने के कुछ ही महीने के भीतर दुनियाभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचेंगे। इस क्रम में राम मंदिर में नए पुजारियों की भर्ती की जाएगी। इसका नोटिफिकेशन भी ट्रस्ट ने हाल में जारी किया था।

राम मंदिर उद्घाटन की तारीखों का कनेक्शन

राम जन्मस्थान’पर राम मंदिर का उद्घाटन भाजपा के ‘मंदिर वहीं बनाएंगे’ कैंपेन का प्रतीक होगा। खास बात यह कि यह आयोजन लोकसभा चुनावों की संभावित घोषणा से ठीक पहले होगा। इससे साफ संदेश है कि यह भाजपा के 2024 के चुनाव कैंपेन के प्रमुख एजेंडा यही होने वाला है। मोदी ने अपने दशहरा भाषण में कहा था कि ‘बहुप्रतीक्षित क्षण आने वाला है।’ उन्होंने कहा था कि राम लला विराजमान होने ही वाले हैं।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी अपने दशहरा भाषण में मंदिर के उद्घाटन के बारे में बात की थी। उन्होंने लोगों से उत्सव का हिस्सा बनने का आह्वान किया था। राम मंदिर का निर्माण सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार की याद दिलाता है। सोमनाथ मंदिर को महमूद गजनवी ने कई बार नष्ट किया। तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल और तत्कालीन राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के प्रयास में खुद को शामिल किया था। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के विरोध को चुनौती देते हुए ऐसा किया था।

राम मंदिर के साथ अयोध्या का कायाकल्प

योगी आदित्यनाथ ने अपनी यात्रा के दौरान कहा कि हमारा प्रयास है कि अधिकांश परियोजनाएं दीपोत्सव के साथ-साथ शेष 31 दिसंबर तक पूरी हो जाएं। हम दिव्य और भव्य अयोध्या को देश और दुनिया के भक्तों के लिए उपलब्ध कराएंगे। सीएम का कहना था कि पूरे अयोध्या शहर का कायाकल्प हो रहा है। पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के स्वागत के लिए मंदिर शहर के हर कोने में निर्माण कार्य चल रहा है। एक नया हवाई अड्डा बनाया जा रहा है। कनेक्टिविटी में सुधार के लिए रेलवे स्टेशन और बस टर्मिनल का नवीनीकरण किया जा रहा है। लंबे समय तक रहने के विकल्प और दूसरे घरों की तलाश कर रहे पर्यटकों और मेहमानों के लिए 1,407 एकड़ में एक ग्रीनफील्ड टाउनशिप भी विकसित की जा रही है।