
Ratlam Police Takes Major Action Against Cyber Fraud, 16 E-FIR, ₹19.58 लाख की राशि रिफंड, 18 आरोपी पकड़ाए!
Ratlam : एसपी अमित कुमार के निर्देश पर सायबर अपराधों पर नियंत्रण एवं पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करने हेतु रतलाम पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इतना ही नहीं सायबर फ्रॉड संबंधी शिकायतों पर तुरंत प्रकरण दर्ज कर सायबर सेल की सहायता से ठगी गई राशि को शीघ्र होल्ड कराते हुए फरियादियों को वापस दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सभी थानों पर सायबर सेल से प्रशिक्षित 1-1 पुलिसकर्मी को “सायबर योद्धा” के रूप में तैनात किया गया हैं जो सायबर फ्रॉड की शिकायतों पर तत्काल तकनीकी सहायता प्रदान कर रहे हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार ₹1 लाख से अधिक की सायबर ठगी की शिकायतों पर तुरंत E-FIR दर्ज की जा रही है।
मामले में रतलाम पुलिस द्वारा अब तक 16 E-FIR पर असल कायमी की गई है। इन प्रकरणों में सायबर सेल की सहायता से ₹49,70,306 की ठगी गई राशि होल्ड कराई गई तथा संबंधित प्रकरणों में न्यायालय द्वारा फरियादियों को राशि रिफंड करने के आदेश जारी किए गए हैं। अब तक इन प्रकरणों में से ₹19,58,199 की राशि फरियादियों के खातों में वापस कराई जा चुकी हैं। जबकि शेष राशि लौटाने की प्रक्रिया जारी है। कार्रवाई के दौरान 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।इसके अतिरिक्त, E-FIR से संबंधित सायबर फ्रॉडस्टर्स द्वारा उपयोग किए जा रहें 168 मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराया गया है, जिससे आगे होने वाली ठगी की संभावनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पुलिस की अपिल!
रतलाम पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते राशि को सुरक्षित किया जा सके। रतलाम पुलिस सायबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं नागरिकों की सुरक्षा हेतु सतत प्रयासरत हैं!





