WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

दो पहिया वाहन पर हेलमेट लगे कलेक्टर को देख क्षेत्रवासी हुए आश्चर्यचकित

कलेक्टर सिंह ने दो पहिया वाहन से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण

WhatsApp Image 2023 07 20 At 12.51.24 696x313

दो पहिया वाहन पर हेलमेट लगे कलेक्टर को देख क्षेत्रवासी हुए आश्चर्यचकित

ग्वालियर: दो पहिया वाहन पर हेलमेट पहने सुबह-सुबह शहर की तंग बस्तियों में जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर को अपने समक्ष पाकर क्षेत्र के निवासी आश्चर्यचकित रह गए। कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह बुधवार को सुबह 7 बजे ही दो पहिया वाहन पर हेलमेट पहनकर शहर की विभिन्न बस्तियों में पहुँचे और नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्यायें जानी। उनके साथ सहायक संचालक जनसंपर्क श्री मधु सोलापुरकर भी थे।

कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने नौगजा रोड़ होते हुए काजल टॉकीज, राम मंदिर से गुजरते हुए कैलाश टॉकीज पहुँचे और लोगों से चर्चा की। इसके पश्चात वार्ड क्र.-42 में दाना ओली होते हुए भाऊ के बाजार में स्थित मंदिर में उपस्थित क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती ममता अजय तिवारी और उनके साथ उपस्थित महिलाओं से विस्तार से चर्चा की। मंदिर में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती ममता तिवारी के नेतृत्व में सावन के महीने में महिलाओं द्वारा मिट्टी के शिवलिंग तैयार करने का अभियान चलाया जा रहा है।

कलेक्टर श्री सिंह ने पार्षद श्रीमती तिवारी से पूछा कि क्षेत्र में साफ-सफाई एवं सीवर सफाई की क्या व्यवस्था है। इसके साथ ही क्षेत्र की महत्वपूर्ण समस्यायें भी उन्होंने जानीं। इसके पश्चात जनकगंज होते हुए छत्री मंडी पहुँचे। जहाँ पर क्षेत्रीय पार्षद श्री मोहित जाट से भी भेंट कर उनके क्षेत्र की समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही साफ-सफाई को और कैसे बेहतर किया जा सकता है, इस संबंध में भी चर्चा की।

कलेक्टर श्री सिंह इसके पश्चात वार्ड-40 में ढोली बुआ का पुल एवं राम-जानकी मंदिर पहुँचे। उन्होंने मंदिर के दर्शन करने के पश्चात क्षेत्रीय पार्षद श्री संजीव पोतनीस से मुलाकात की और उनके क्षेत्र के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने साफ-सफाई, सीवर, पेयजल के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर श्री सिंह इसके पश्चात माधौगंज होते हुए सराफा बाजार से अपने निवास स्थान के लिये पहुँचे।