Sakshi Murder Case : साहिल पुलिस रिमांड पर, अब छह किरदारों से पूछताछ होगी!

798

Sakshi Murder Case : साहिल पुलिस रिमांड पर, अब छह किरदारों से पूछताछ होगी!

New Delhi : दो दिन पहले हुए साक्षी हत्याकांड के आरोपी साहिल को पुलिस ने दो दिन की रिमांड पर पूछताछ के लिए लिया है। साहिल से पूछताछ के बाद पुलिस अन्य किरदारों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। रिमांड के ग्राउंड के बारे में पुलिस ने बताया कि साहिल ने वारदात के बाद रिठाला में चाकू फेंकने की बात कही है। पुलिस को इस मामले में 6 किरदारों का पता चला, जिनको लेकर पुलिस की जांच चल रही है। अभी तक यह साफ नहीं हुआ कि आखिर साहिल खान ने साक्षी को इतनी बेरहमी से सड़क पर क्यों मारा!

शाहबाद डेयरी इलाके में 28 मई को नाबालिग लड़की साक्षी की जघन्य हत्या के आरोपी ने अपने पिता को फोन किया, उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने खुलासा किया साहिल फोन बंद करके छुप गया था। फिर उसने पिता को फोन किया, इसके बाद उसकी लोकेशन पर निगरानी रखी गई। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी भागकर बुलंदशहर में अपने रिश्तेदार के यहां चला गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि 20 साल के आरोपी साहिल सरफराज को सोमवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया। बुलंदशहर के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बजरंगबली चौरसिया ने बताया कि साहिल बुलंदशहर जनपद के पहासू थाना क्षेत्र के अटरेना गांव में अपनी बुआ के यहां आया था, जहां से उसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया।

जघन्य हत्या का कारण क्या
पुलिस पता करेगी कि उसे साक्षी की हत्या करने का इतना भूत सवार क्याें था? इन छह किरदारों से गहन पूछताछ के बाद ही साक्षी हत्याकांड की सच्चाई से पर्दा उठ सकेगा। उसकी निशानदेही पर हत्या में उपयोग हुआ चाकू भी बरामद करना है। पुलिस को पूछताछ के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ना है। पुलिस साक्षी, नीतू और साहिल आदि सभी किरदारों के इंस्टाग्राम एकाउंट की भी तफ्तीश कर रही है। साहिल के कुछ पोस्ट से पता चला है कि उसकी काफी लड़कियों से दोस्ती थी और वह अक्सर लड़की को चिढ़ाने के लिए अपनी इन महिला दोस्तों की मदद से अपने प्रोफाइल पर कमेंट करवाता था।

ये हैं हत्याकांड से जुड़े किरदार
पुलिस के मुताबिक इस मामले में छह में से पहला किरदार साहिल खान है, जो साक्षी का दोस्त था। उसी ने साक्षी को मौत के घाट उतारा। दूसरा किरदार प्रवीण है, जिसे साक्षी का एक्स ब्यॉयफ्रेंड बताया जा रहा है। साक्षी ने हाथ में उसके नाम का टैटू भी गुदवाया था। पुलिस को प्रवीण के जौनपुर में होने का पता चला। पुलिस ने उससे संपर्क कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है।

तीसरा किरदार नीतू है जो साक्षी की दोस्त है। पिछले दस दिन से साक्षी, नीतू के साथ ही शाहबाद डेरी में उसके घर पर रह रही थी। नीतू का पति इन दिनों तिहाड जेल में किसी मामले में बंद है। पुलिस को शक है कि साक्षी और साहिल की दोस्ती और नाराजगी के बारे में नीतू को सब कुछ पता है। इसलिए पुलिस नीतू से गहन पूछताछ करेगी।

आरती से ही आखिरी बार मिली थी साक्षी
चौथा किरदार आरती है, जो साक्षी की दोस्त है। आरती वह है, जिससे साक्षी मौत से कुछ देर पहले मिली थी। हत्या से कुछ देर पहले इलाके के साप्ताहिक बाजार में साक्षी की आरती से मुलाकात हुई थी। वह आरती से मिलकर लौट रही थी, उसी वक्त साहिल खान उसे मिल गया और उसने साक्षी को मौत के घाट उतार दिया। आरती ने पुलिस व मीडिया को दिए बयान में आरोप लगाया है कि साक्षी ने उसे बताया था साहिल उसका पीछा करता है। वह उससे परेशान थी।

आकाश से भी पूछताछ होगी, जो साहिल का दोस्त
इस कहानी का पांचवा किरदार साहिल का दोस्त आकाश है। साक्षी की हत्या से कुछ देर पहले आकाश शाहबाद डेयरी इलाके में मौका-ए-वारदात पर साहिल के साथ खड़ा दिखाई दिया था। साहिल वहां साक्षी के आने का इंतजार कर रहा था। साहिल व आकाश दोनों सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में मौके पर बात करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस आकाश से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आकाश को पता था कि साहिल, साक्षी की हत्या करना चाहता है, इसलिए वह वहां आया। क्या साक्षी के कत्ल में आकाश का भी कोई रोल है, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी।

झबरू से अफेयर की बात
इस कहानी का आखिरी छठा किरदार झबरू है, जो साक्षी का दोस्त है। वह शाहबाद डेयरी के जेजे कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक साक्षी और झबरू में दोस्ती थी। बताते हैं कि झबरू से उसका अफेयर चल रहा था। वह दबंग किस्म का है और उसने साहिल को साक्षी से दूर होने को कहा था। साहिल को शंका थी कि झबरू उसे मार सकता है। उसे लगने लगा था कि झबरू की वजह से ही साक्षी उससे दूर गई।

कारण है कि उसने साक्षी की हत्या करने की ठान ली। साहिल ने पूछताछ में बताया कि झबरू ने उसे कुछ समय पहले धमकी दी थी कि अगर उसने साक्षी का पीछा नहीं छोड़ा तो वह उसे मार डालेगा। साहिल का कहना है कि झबरू, साक्षी की वजह से उसे मारता इससे पहले उसी ने साक्षी को मार दिया। पुलिस साहिल के इन बयानों की तस्दीक के लिए झबरू से भी पूछताछ कर रही है।