WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Security of Rahul Gandhi: कांग्रेस ने अमित शाह को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की!

दिल्ली में भी चूक हुई, अब यात्रा पंजाब और जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी!

Security of Rahul Gandhi: कांग्रेस ने अमित शाह को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की!

New Delhi : राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल के इस पत्र में राहुल गांधी की सुरक्षा के बारे में चिंता व्यक्ति की गई। कहा गया कि दिल्ली में कई जगहों पर राहुल की सुरक्षा में लापरवाही हुई। इसलिए उनकी सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए जाएं।

कांग्रेस ने पत्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सुरक्षा में चूक का मुद्दा उठाया भी है। कांग्रेस ने पार्टी नेता राहुल गांधी के लिए उचित सुरक्षा की मांग की। कांग्रेस महासचिव ने लिखा है कि शनिवार को दिल्ली में यात्रा के प्रवेश के बाद कई बार यात्रा की सुरक्षा से समझौता किया गया। दिल्ली पुलिस, जो केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आती है बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और राहुल गांधी के चारों ओर एक परिधि बनाए रखने में पूरी तरह से विफल रही। जिन्हें जेड प्लस (Z+ Security) सुरक्षा दी गई है। पत्र में ये भी कहा गया है कि स्थिति इतनी गंभीर थी कि गांधी के साथ चल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भारत यात्रियों को एक सुरक्षा घेरा बनाना पड़ा। दिल्ली पुलिस ‘मूक दर्शक’ बनी रही।

IMG 20221228 WA0029

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि खुफिया ब्यूरो यात्रा में भाग लेने वाले लोगों से पूछताछ कर रहा है। कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने हरियाणा के गुरुग्राम में पार्टी की एक पुलिस शिकायत का भी हवाला दिया।

नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो

पत्र में कहा गया था कि प्रत्येक नागरिक को देश के क्षेत्र में घूमने का संवैधानिक अधिकार है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ देश में शांति और सद्भाव लाने के लिए एक पदयात्रा है। सरकार को बदले की राजनीति में शामिल नहीं होना चाहिए और कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

पत्र में लिखा है कि भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी से फिर शुरू होने वाले अगले चरण में संवेदनशील राज्य पंजाब और जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। इस संबंध में, मैं आपसे राहुल गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध करता हूं।

देश की एकता के लिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के बलिदान का हवाला देते हुए कांग्रेस पार्टी ने यात्रा और राहुल गांधी के लिए बेहतर सुरक्षा की मांग की। अब यात्रा पंजाब और जम्मू कश्मीर में प्रवेश करेगी।

बदनाम करने की साजिश

मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने यात्रा को रोकने के लिए एक साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यात्रा को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। जो लोग इसे बाधित करना चाहते हैं वे अपनी पुलिस, अपने मीडिया के माध्यम से प्रयास कर रहे हैं. वे सफल नहीं होंगे।