बंद कमरे में मिली शेयर कारोबारी की लाश: लैपटॉप पर खुली थी MCX साइट, नाक से बह रहा था खून..

2 दिन से कमरे में बंद था राजेश अग्रवाल; पत्नी-बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ, 90 वर्षीय मां ने दी पुलिस को जानकारी..

147
Businessman Committed Suicide : पैसा न मिलने से परेशान सोना-चांदी व्यापारी ने आत्महत्या की!

बंद कमरे में मिली शेयर कारोबारी की लाश: लैपटॉप पर खुली थी MCX साइट, नाक से बह रहा था खून..

छतरपुर: छतरपुर शहर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की उसके ही घर में संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला सामने आया है। मृतक का शव बंद कमरे में जमीन पर बिछे बिस्तर पर पड़ा मिला। उसके शरीर पर केवल बनियान और अंडरवियर था। नाक से खून निकल रहा था, जबकि सामने लैपटॉप चालू हालत में रखा था, जिसमें शेयर बाजार और MCX से जुड़ी साइट खुली हुई थी।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हत्या का है, आत्महत्या का या फिर बीमारी अथवा प्राकृतिक मौत का। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

दरवाजा धक्का मारकर खोला, अंदर मिला शव..

ओरछा रोड थाना के सब इंस्पेक्टर दीपक यादव के मुताबिक मृतक की पहचान राजेश अग्रवाल के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा धक्का मारकर खोला। अंदर राजेश अग्रवाल मृत अवस्था में पड़े मिले।

कमरे में लाइट जली हुई थी। पास में मोबाइल फोन पड़ा था और लैपटॉप ऑन हालत में था। उसमें MCX और शेयर बाजार से जुड़ा पोर्टल खुला हुआ था, जिसमें आंकड़े दिखाई दे रहे थे।

2 दिन से कमरे से बाहर नहीं निकला था..

मृतक की 90 वर्षीय मां ने पुलिस को बताया कि राजेश पिछले दो दिनों से कमरे में बंद था। वह मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे कमरे में गया था, इसके बाद बाहर नहीं निकला। उन्होंने बताया कि राजेश अक्सर ऐसा करता था। कभी-कभी बाहर निकलकर थोड़ा बहुत खाना खा लेता था या फ्रिज से पानी लेकर फिर कमरे में चला जाता था।

परिवार के अन्य सदस्य उसकी चिंता नहीं कर पाए, क्योंकि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है।

पत्नी रोटियां बनाती रही, बेटा सोफे पर बैठा रहा..

पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी और बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। जांच के दौरान भी दोनों सामान्य स्थिति को समझ नहीं पा रहे थे। पत्नी रसोई में रोटियां बनाती रही, जबकि बेटा सोफे पर बैठा रहा। दोनों को यह तक समझ नहीं आ रहा था कि घर में क्या हुआ है।

पुलिस का कहना है कि सिर्फ मृतक की बुजुर्ग मां ही ऐसी स्थिति में थीं, जो कुछ जानकारी दे सकीं।

रिश्तेदारों को रजिस्टर से ढूंढकर दी सूचना..

जांच के दौरान बेटे ने एक रजिस्टर पुलिस को दिया, जिसमें रिश्तेदारों के फोन नंबर लिखे हुए थे। पुलिस ने उन्हीं नंबरों के आधार पर परिजनों और समाज के लोगों से संपर्क किया।

जानकारी में सामने आया कि परिवार मूल रूप से उत्तरप्रदेश के झांसी जिले के बरुआसागर का रहने वाला है। वहां का मकान बेचकर वे काफी समय से छतरपुर में रह रहे थे। करीब एक महीने पहले ही वे इस नए मकान में शिफ्ट हुए थे। इससे पहले सामने वाले मकान में रहते थे।

MCX और सट्टे से जुड़ा होने की चर्चा..

सूत्रों के मुताबिक राजेश अग्रवाल MCX ट्रेडिंग और सट्टे के काम से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह पहले भी जुआ खेलते पकड़ा जा चुका है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पड़ोसियों से भी नहीं था संपर्क..

पुलिस को शुरुआती जानकारी सूत्रों के माध्यम से मिली थी कि पिछले दो दिनों से राजेश से संपर्क नहीं हो पा रहा था। पड़ोसियों ने भी बताया कि परिवार का किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं था। उन्हें कभी घर के बाहर आते-जाते भी कम ही देखा गया।

FSL जांच के बाद होगा खुलासा..

पुलिस ने मौके पर FSL टीम को बुलाया है। घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।