गंगा एक्सप्रेसवे पर 10 थार व स्कॉर्पियो गाड़ियों से खतरनाक स्टंट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार!

98

गंगा एक्सप्रेसवे पर 10 थार व स्कॉर्पियो गाड़ियों से खतरनाक स्टंट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार!

गंगा एक्सप्रेसवे पर करीब 10 थार व स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियों में आए युवकों ने खतरनाक स्टंट किए। इसके बाद टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर जबरन निकल गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे पर खड़खड़ी टोल प्लाजा के पास स्टंट करने, रील बनाने व जबरन बैरियर तोड़कर निकलने वाले आरोपी आठ कार चालकों के खिलाफ टोल प्लाजा के मैनेजर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

वहीं, पुलिस ने दो स्कॉर्पियो एक थार और एक वरना कार  सभी के चालकों को गिरफ्तार कर लिया और चालान कर दिया। पुलिस बाकी चार आरोपितों की तलाश में जुटी है।

उधर टोल पर तैनात टोल मैनेजर आमोद केटकर ने कैमरा के आधार पर सभी गाड़ियों का नंबर निकाल कर सभी के खिलाफ खरखौदा थाना पर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया तो खरखौदा पुलिस को तुरंत थी सभी को गिरफ्तार करने का आदेश मिला, जिसमें खरखौदा पुलिस ने दो स्कॉर्पियो, एक थार व एक वरना कार सहित चार गाड़ियों को दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर मेरठ की ओर से गंगा एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने वाले इन वाहन सवारों ने खड़खड़ी टोल प्लाजा से कुछ किलोमीटर आगे जाकर यू-टर्न लिया और वापस टोल प्लाजा की ओर बढ़े। एक्सप्रेसवे पर चलती गाड़ियों में करीब आधे घंटे तक बेखौफ होकर स्टंट किए गए और सोशल मीडिया के लिए रील भी बनाई गईं। बीच एक्सप्रेस वे पर गाड़ियों को गोल-गोल घुमाते रहे। यह सब तब हुआ, जब एक्सप्रेसवे पर हर किलोमीटर पर सुरक्षा कैमरे लगे होने का दावा किया जाता है।
जब ये गाड़ियां वापस टोल प्लाजा पर पहुंचीं और कर्मियों ने नियमानुसार टोल की मांग की, तो कार सवारों ने बैरियर को तोड़ दिया और बिना भुगतान किए जबरन निकल गए। इस पूरी घटना को मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।

सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
गंगा एक्सप्रेसवे को अत्याधुनिक तकनीक से लैस बताया जाता है, लेकिन इस घटना ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा को लेकर अभी भी पुख्ता इंतजामों की कमी है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हर किलोमीटर पर लगे कैमरे इन घटनाओं को रोकने में सक्षम हैं या सिर्फ रिकॉर्डिंग तक सीमित हैं?

थाना में तहरीर, जांच का आश्वासन
इस मामले में टोल प्लाजा प्रबंधन ने थाने में स्टंट करने, रील बनाने और टोल का बैरियर तोड़कर जबरन निकलने के संबंध में तहरीर दी है। सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि कैमरों की फुटेज देखकर कार और उनके मालिकों की पहचान की जा रही है। आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।