WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

दिग्विजय सिंह को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने साधी चुप्पी

दिग्विजय सिंह को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने साधी चुप्पी

भोपाल: उज्जैन के वीर भारत न्यास को जमीन दिए जाने के मामले में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा सरकार को दी गई क्लीन चिट के बाद भी कांग्रेस में कोई हलचल नहीं हैं। मामला बड़े नेता से जुड़ा है, इसलिए कोई भी नेता उनके बयान पर टिप्पणी नहीं करना चाहता है।

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी भी दिग्विजय सिंह के उस बयान पर चुप्पी साध गए हैं। इधर बयान के दो दिन बाद भी राष्ट्रीय संगठन और प्रदेश संगठन ने अब तक यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि वह दिग्विजय सिंह के बयान से संगठन इत्तेफाक रखता है या नहीं।

हरीश चौधरी से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि पार्टी में व्यवस्था है कि जो भी बात कहना होती है प्रवक्ता कहते हैं, जो भी लाइन इस मामले में पार्टी की ओर से तय होगी हमारे प्रवक्ता आपको बता देंगे। चौधरी ने इसके आगे कोई टिप्पणी नहीं की।

चौधरी के इस बयान से यह माना जा रहा है कि वे भी दिग्विजय सिंह के इस बयान पर चुप ही रहना चाहते हैं। इसके चलते ही उन्होंने पार्टी लाइन का हवाला देकर मामले से पल्ला झाड़ने का प्रयास किया।

गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता के दौरान हरीश चौधरी और दिग्विजय सिंह में किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसका वीडियो वायरल हुआ था। तब से यह माना जा रहा है कि दिग्विजय सिंह और हरीश चौधरी के राजनीतिक रिश्तों में खटास आ चुकी है।